गर्मी और उमस के बीच छात्राओं को पूरी रात जागकर बितानी पड़ती है
-अंधेरे में पढ़ाई, सांप का खौफ व पानी की किल्लत: एएनएम छात्रावास की छात्राओं ने बयां की पीड़ा
– शिक्षिका के कमरे में सांप मिलने से दहशत
– छात्राओं ने मांगी बुनियादी सुविधाएं
निर्मली.
भीषण गर्मी और लगातार हो रही बिजली कटौती के बीच निर्मली स्थित एएनएम ट्रेनिंग स्कूल एवं छात्रावास की छात्राओं को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. छात्राओं का आरोप है कि छात्रावास में बिजली आपूर्ति बाधित होते ही पूरा परिसर अंधेरे में डूब जाता है. स्थिति यह है कि हॉस्टल में न तो इनवर्टर की पर्याप्त व्यवस्था है और न ही जनरेटर की सुविधा उपलब्ध है, जिसके कारण रात के समय छात्राओं को भय और असुविधा के माहौल में रहना पड़ता है. मंगलवार रात बिजली गुल होने के दौरान एक चिंताजनक घटना सामने आई, जिसने छात्राओं की परेशानी और बढ़ा दी.
सांप को देखते ही हॉस्टल में अफरातफरी का माहौल
छात्रावास परिसर में स्थित महिला शिक्षिका वर्षा रंजन के कमरे में अचानक एक सांप दिखाई दिया. सांप को देखते ही हॉस्टल में अफरातफरी का माहौल बन गया और भयभीत छात्राएं अपने-अपने कमरों से बाहर निकल आईं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ड्यूटी पर तैनात महिला गार्ड ने साहस का परिचय देते हुए डंडे की मदद से सांप को बाहर निकालने का प्रयास किया. इसी दौरान सांप वहां से निकलकर स्कूल सह छात्रावास के लैब कक्ष में घुस गया. लेकिन इसके बाद से छात्राओं में भय और असुरक्षा की भावना बनी हुई है. छात्राओं ने बताया कि बिजली कटौती की समस्या केवल अंधेरे तक सीमित नहीं है. बिजली जाने के साथ ही पेयजल संकट भी उत्पन्न हो जाता है. मोटर नहीं चलने के कारण पानी की आपूर्ति बाधित हो जाती है, जिससे दैनिक कार्य प्रभावित होते हैं. गर्मी और उमस के बीच छात्राओं को पूरी रात जागकर बितानी पड़ती है.
छात्रावास में शुद्ध पेयजल की नहीं है व्यवस्था, नलों से निकलता है गंदा और दूषित पानी
छात्राओं का यह भी आरोप है कि छात्रावास में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था नहीं है. उनके अनुसार नलों से गंदा और दूषित पानी निकलता है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं. कई छात्राओं ने बताया कि दूषित पानी से स्नान करने के कारण त्वचा संबंधी संक्रमण और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. कहा कि बिजली बैकअप, स्वच्छ पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर कई बार संबंधित विभाग एवं प्रबंधन को अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. उन्होंने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से छात्रावास में जेनरेटर अथवा पर्याप्त क्षमता वाले इनवर्टर की व्यवस्था करने, सुरक्षा उपायों को मजबूत बनाने तथा नियमित बिजली और पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है.
छात्राओं की समस्याओं का जल्द होगा समाधान : एसडीएम
छात्राओं का कहना है कि वे यहां स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए आई हैं. लेकिन बुनियादी सुविधाओं के अभाव में उनकी पढ़ाई और दैनिक जीवन दोनों प्रभावित हो रहे हैं. उन्होंने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर समस्याओं का समाधान कराने की अपील की है. इस संबंध में बुधवार दोपहर एएनएम ट्रेनिंग स्कूल एवं छात्रावास के प्राचार्य से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन वे कार्यालय में उपस्थित नहीं मिले. वहीं, निर्मली के एसडीएम धीरज कुमार सिन्हा ने बताया कि छात्रावास में जनरेटर एवं इनवर्टर जैसी सुविधाओं को जल्द बहाल करने के लिए संबंधित प्राचार्य को आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि छात्राओं की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन गंभीर है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.