सरकार ही जायेगी जनता के दरवाजे पर : प्रभारी मंत्री

शिविर से आमजनों को लाभ मिल रहा, घट रही है समस्या व शिकायतें

– बदले समय में सरकार जनता के दरवाजे पर पहुंच उनके समस्याओं का कर रही समाधान

छातापुर.

प्रखंड के छह पंचायत में मंगलवार को सहयोग सह जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया. रामपुर पंचायत सरकार भवन में आयोजित शिविर में बिहार सरकार के योजना एवं विकास विभाग के मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा, क्षेत्रीय सांसद दिलेश्वर कामैत, स्थानीय विधायक सह पूर्व मंत्री नीरज कुमार सिंह बबलू पहुंचे. प्रभारी मंत्री ने शिविर में लगे स्टालों का मुआयना किया और प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की प्रक्रिया से अवगत हुए. प्रभारी मंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 81 पोषक क्षेत्र की बच्ची हिमांशी दिव्या का अनप्रासन्न कर उसे दुलारा. इस दौरान बच्ची की मां अकांक्षा देवी पिता सत्यम झा एवं सेविका श्वेता कुमारी मौजूद रहे. तत्पश्चात मंत्री ने दिव्यांगजनों को निशक्तता प्रमाणपत्र दिये. वहीं मोबाइल एकेडमी कोर्स पूरा करने वाले आशा कार्यकर्ताओं के बीच प्रमाणपत्र का वितरण किया गया. बीडीओ डॉ राकेश गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित शिविर के सभी स्टॉलों पर फरियादियों की भीड़ उमड़ पड़ी. जहां प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मी प्राप्त आवेदनों को सूचीबद्ध करने में जुटे हुए थे. स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि मो हासिम, पंसस बिमल झा सहित पंचायत कर्मी आवेदन कर्ताओं को सहयोग करते नजर आये. बीडीओ ने बताया कि शिविर में मुख्य 19 विभाग सहित कुल 29 विभाग के स्टाॅल लगाये गए थे. प्राप्त आवेदनों को सूचीबद्ध किया जा रहा है. सूचीबद्ध आवेदनों को पोर्टल पर अपलोड कर समय सीमा के अंदर निष्पादन किया जाना है. बताया कि रामपुर के अलावे लक्ष्मीपुर खूंटी, लालगंज, उधमपुर, माधोपुर एवं जीवछपुर पंचायत में भी शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में एसडीएम अभिषेक कुमार, एसडीपीओ विभाष कुमार, इंस्पेक्टर एस के पासवान, थानाध्यक्ष प्रमोद झा, सीएचसी प्रभारी डा नवीन कुमार, मनरेगा पीओ शिव नारायण लाल, बीएओ कुंदन कुमार, बीसीओ, जीविका बीपीएम रमाकांत मंडल, एमओ ओमप्रकाश कुमार के अलावे एनडीए के नेता व कार्यकर्ताओं की मौजूदगी देखी गई.

प्रभारी मंत्री श्री कुशवाहा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने कहा है कि जनता अब सरकार के द्वार पर नहीं जायेगी, सरकार ही जनता के दरवाजे पर जायेगी. इसी उद्देश्य से सहयोग सह जनकल्याण शिविर लगाकर सरकार के 45 विभाग से जुडे समस्या व शिकायतों का निष्पादन अधिकतम 30 दिनों के अंदर करना है. समय सीमा के अंदर निष्पादन नहीं करने वाले संबंधित विभाग के पदाधिकारी स्वतः निलंबित हो जायेंगे.

शिविर से आमजनों को लाभ मिल रहा, घट रही है समस्या व शिकायतें

सांसद श्री कामैत ने कहा कि एक एक समस्याओं का निदान के लिए सरकार आपके द्वार पर है. सरकार के पास जाने की जरूरत नहीं है. शिविर से आमजनों को लाभ मिल रहा है. समस्या व शिकायतें भी घट रही है. जो पदाधिकारी सरकार के उद्देश्य पूर्ति में दिलचस्पी नहीं लेंगे, उनके विरुद्ध कार्रवाई तय है. विधायक श्री बबलू ने कहा कि सरकार जनता के बीच खड़ी होकर शिकायत एवं समस्याओं का समाधान कर रही है. जनसमस्याओं के समाधान के लिए बिहार सरकार संकल्पित भाव से काम कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >