Sonu Monu Gang Bihar: मोकामा के कुख्यात सोनू-मोनू गैंग ने कथित तौर पर अनंत सिंह के समर्थक और सरपंच पति मुकेश कुमार पर फायरिंग कर दी थी. इस घटना के बाद दोनों फरार हैं. घटना को लेकर सोनू सिंह, उसके पिता प्रमोद सिंह और सौरव सिंह को नामजद अभियुक्त बनाया गया है. ऐसे में सेनू सिंह की गिरफ्तारी के लिए राज्य के 8 जिलों में छापेमारी की गई.
3 डीएसपी के नेतृत्व में टीम गठित
जानकारी के मुताबिक, 3 डीएसपी के नेतृत्व में अलग-अलग टीम को गठित किया गया है. साथ ही एसटीएफ को भी छापेमारी में लगाया गया है. पुलिस अधिकारियों की माने तो, रविवार को पचमहला थाने में गोलीबारी को लेकर सोनू सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. इसके बाद से वह फरार चल रहा है. जिन जिलों में पुलिस ने छापेमारी की है, उनमें कटिहार, समस्तीपुर, सीवान, छपरा, बेगूसराय, गोपालगंज, मोतिहारी और गयाजी शामिल है.
सीमावर्ती इलाकों में जांच तेज
बताया जा रहा है कि पुलिस को यह सूचना मिली थी कि गोलीबारी की इस घटना के बाद वह फरार होकर बिहार से बाहर जाने वाला है. इसे देखते हुए सीमावर्ती इलाकों में जांच तेज कर दी गई. कई लोगों से मामले में पूछताछ भी की गई लेकिन अब तक उनका कुछ पता नहीं चल पाया है. पुलिस का कहना है कि सोनू की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
जानिए पूरा मामला
यह विवाद एक फेसबुक पोस्ट से शुरू हुआ. अनंत सिंह के समर्थक मुकेश कुमार ने 22 मई को एक पोस्ट डाली थी, जिसमें उन्होंने पुलिस की तारीफ की थी. इसी पोस्ट को लेकर सोनू-मोनू के परिवार में नाराजगी फैल गई. आरोप है कि सोनू–मोनू के पिता प्रमोद सिंह ने मुकेश से पोस्ट को लेकर सवाल किया और उसे हटाने के लिए कहा.
मुकेश का कहना है कि उन्होंने किसी व्यक्ति का नाम नहीं लिया था, बल्कि केवल पंचायत और थाना पुलिस की सराहना की थी. लेकिन इसी बात पर दोनों पक्षों में बहस बढ़ गई. मुकेश कुमार का आरोप है कि बहस के दौरान प्रमोद सिंह ने अपने बेटों सोनू और मोनू को बुला लिया. उनके साथ कई अन्य लोग भी पहुंचे और उन पर दो राउंड फायरिंग की गई. लेकिन मुकेश इस हमले में बाल-बाल बच गए.
मामले में दो एसएचओ सस्पेंड
फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस सोनू-मोनू के घर छापेमारी करने पहुंची. लेकिन वहां मौजूद महिलाओं और गैंग के लोगों ने पुलिस को घर के अंदर जाने से रोक दिया. आरोप है कि पुलिसकर्मियों की तलाशी लेने के बाद ही उन्हें अंदर जाने दिया गया. इसी दौरान सोनू और मोनू पीछे के रास्ते से फरार हो गए. पूरे मामले से जु़ड़ा वीडियो वायरल होने के बाद मामला और गर्मा गया. पटना SSP ने इसे गंभीरता से लेते हुए पंचमहला SHO और हाथीदह SHO को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया.
Also Read: पटना में देर रात बदला मौसम का मिजाज, आज 26 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, IMD की एडवाइजरी
