सीवान: मैरवा रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी की चपेट में आने से 35 वर्षीय युवक की मौत, जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर शुरू की जांच

मैरवा रेलवे स्टेशन पर एक दिल दहला देने वाली घटना में 35 वर्षीय युवक की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई. इस हादसे ने स्टेशन परिसर में अफरातफरी मचा दी. पुलिस मामले की जांच कर रही है कि युवक किन परिस्थितियों में मालगाड़ी की चपेट में आया.

Siwan Railway Station Accident: सीवान-भटनी रेलखंड के मैरवा रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह मालगाड़ी की चपेट में आने से 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई. हादसे के बाद स्टेशन परिसर में अफरातफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. करीब 20 मिनट बाद मृतक की पहचान मैरवा बाजार के वार्ड नंबर तीन निवासी स्वर्ण व्यवसायी अशोक वर्मा के पुत्र राजीव कुमार वर्मा उर्फ रिंकू वर्मा के रूप में हुई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार सुबह स्टेशन से मालगाड़ी गुजर रही थी. इसी दौरान युवक उसकी चपेट में आ गया. हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना रेल पुलिस को दी. सूचना मिलते ही माले नेता शंकर कुशवाहा सहित स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे और मृतक की पहचान सुनिश्चित करने का प्रयास किया.

पहचान होने के बाद घटना की सूचना परिजनों को दी गई. इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बड़ी संख्या में लोग मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना देते रहे.

जीआरपी ने शव को कब्जे में लिया

सूचना पर जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है.

युवक स्टेशन कैसे पहुंचा, जांच में जुटी पुलिस

युवक रेलवे स्टेशन पर किन परिस्थितियों में पहुंचा और वह मालगाड़ी की चपेट में कैसे आया, इसे लेकर स्थानीय स्तर पर विभिन्न चर्चाएं होती रहीं. हालांकि, इनकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी. हादसे के बाद रेलवे स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

Also Read: शराबबंदी के 10 साल, बिहार में आखिर क्या-क्या बदला? आंकड़ों से समझिए एक-एक बात


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजन कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >