भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर बुधवार को वीएम उच्च विद्यालय-सह-इंटर कॉलेज सीवान में निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) के तत्वावधान में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर समाहर्ता सह उप निर्वाचन पदाधिकारी ने की. इसका उद्देश्य युवाओं, प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाताओं तथा आम नागरिकों में निर्वाचन संबंधी जागरूकता बढ़ाना और लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाना था.
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई गई. साथ ही मतदान के महत्व पर परिचर्चा, पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी, वाद-विवाद, रंगोली, नुक्कड़ नाटक तथा मतदान आधारित लघु फिल्म और प्रस्तुति का आयोजन किया गया. प्रतिभागियों को स्वतंत्र, निष्पक्ष और नैतिक मतदान के महत्व से अवगत कराया गया.
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन कराने, मतदाता पहचान पत्र से संबंधित जानकारी तथा मतदान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई. अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदान लोकतंत्र को मजबूत बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है. निर्वाचन साक्षरता क्लब का उद्देश्य हर पात्र नागरिक को जागरूक, जिम्मेदार एवं सक्रिय मतदाता बनाना है, ताकि सभी लोग बिना किसी भय, प्रलोभन, दबाव या भेदभाव के अपने मताधिकार का स्वतंत्र एवं निष्पक्ष प्रयोग कर सकें.
कार्यक्रम में शिक्षक दिलीप कुमार शर्मा, मुनीश्वर प्रसाद, विनोद कुमार, नंदा गिरी, प्रताप कुमार तथा 105 सिवान विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के डाटा एंट्री ऑपरेटर विकास कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
