सीवान में भारी बारिश के बीच स्वर्णकार समाज का कैंडल मार्च, तीन घटनाओं के विरोध में सड़क पर उतरे लोग

सीवान में स्वर्णकार समाज के युवक की हत्या के विरोध में भारी बारिश के बीच निकला कैंडल मार्च। अपराधियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग की गई।

Siwan News : वैशाली के जनदाहा में सोनार समाज के युवक विशाल सोनी की हत्या, सीवान के भगवानपुर थाना क्षेत्र के माघर में सौरभ सोनी बिट्टू की हत्या तथा पश्चिम चंपारण के बेतिया में स्वर्ण व्यवसायी गोविंदा साह पर गोलीबारी की घटना के विरोध में रविवार को सीवान में स्वर्णकार समाज के लोगों ने कैंडल मार्च निकाला. भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में समाज के प्रबुद्ध लोग और न्यायप्रिय नागरिक मार्च में शामिल हुए.

हाथों में मोमबत्ती, चेहरे पर आक्रोश

कैंडल मार्च में शामिल लोगों के हाथों में जलती मोमबत्तियां थीं और चेहरे पर घटनाओं को लेकर आक्रोश साफ नजर आया. लोगों ने अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, पीड़ित परिवारों को न्याय और स्वर्ण व्यवसायियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की. भारी बारिश के बीच भी मार्च जारी रहा.

बिहार के कई जिलों में एक साथ हुआ कैंडल मार्च

अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ के राष्ट्रीय सचिव एवं उद्यमिता के प्रतीक रूपेश कुमार द्वारा पूर्व में संबोधित सोनार समाज की गूगल मीटिंग में लिए गए निर्णय के अनुरूप बिहार के विभिन्न जिलों में एक साथ कैंडल मार्च आयोजित किया गया. इसी क्रम में सारण, चंपारण, सीवान समेत कई स्थानों पर समाज के लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध दर्ज कराया.

लगातार घटनाओं से आहत है स्वर्णकार समाज

मार्च में शामिल लोगों ने कहा कि लगातार समाज के लोगों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं से सोनार समाज आहत होने के साथ-साथ आक्रोशित भी है. लोगों ने सरकार और प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी, पीड़ित परिवारों को न्याय और स्वर्ण व्यवसायियों के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की.

आनंद सोनी ने की मार्च की अध्यक्षता

कैंडल मार्च की अध्यक्षता स्वर्णकार संघ के जिला अध्यक्ष आनंद सोनी ने की. इसमें संघ के राष्ट्रीय सचिव रूपेश कुमार, प्रदेश अध्यक्ष सत्यम भारतीय, उत्तम सोनी, संजय सोनी, अजय सोनी, राजू सोनी, जय प्रकाश सोनी, विदित सोनी, कंचन सोनी समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए.

पीड़ित परिवारों के साथ एकजुटता का संदेश

आयोजकों ने कहा कि कैंडल मार्च केवल विरोध का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि पीड़ित परिवारों के साथ एकजुटता और न्याय के लिए आवाज बुलंद करने का संदेश है. भारी बारिश के बावजूद सैकड़ों लोगों की मौजूदगी ने समाज में बढ़ते आक्रोश और घटनाओं को लेकर चिंता को स्पष्ट रूप से सामने रखा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अमरनाथ शर्मा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >