सीवान से अमर नाथ शर्मा की रिपोर्ट
Siwan waterlogging News: सीवान शहर में जलजमाव और मच्छर जनित रोगों पर कार्रवाई करने वाला जिला मलेरिया विभाग इन दिनों खुद जलजमाव की गंभीर समस्या से जूझ रहा है. रेड क्रॉस बिल्डिंग परिसर में नगर परिषद की मुख्य नाली का गंदा पानी लगातार ओवरफ्लो होकर जमा हो रहा है, जिससे पूरा परिसर दुर्गंधयुक्त जलजमाव की चपेट में आ गया है.
नगर परिषद से हस्तक्षेप की मांग
स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि जिला मलेरिया पदाधिकारी डॉ. ओम प्रकाश लाल को खुद नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग करनी पड़ी है. डीएमओ ने कहा है कि रेड क्रॉस भवन और जिला मलेरिया कार्यालय परिसर में दूषित पानी के जमाव से जन-स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है. यह परिसर सदर अस्पताल का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों मरीज, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और आम नागरिक पहुंचते हैं.
जलजमाव से हो सकती है कई बीमारियां
ऐसे में वर्षा ऋतु के दौरान जलजमाव की स्थिति किसी भी समय बड़े स्वास्थ्य संकट का रूप ले सकती है. पत्र में चेतावनी दी गई है कि रुके हुए गंदे पानी में मलेरिया फैलाने वाले एनोफिलीज और फाइलेरिया फैलाने वाले क्यूलेक्स मच्छरों के पनपने की प्रबल संभावना है. इससे मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया और फाइलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा कई गुना बढ़ गया है.
नगर परिषद से की मांग
वहीं दूषित जल के कारण पूरे परिसर में फैल रही दुर्गंध कई संक्रामक और जलजनित रोगों को भी आमंत्रण दे रही है. डीएमओ ने यह भी उल्लेख किया है कि जलजमाव के कारण गंभीर मरीजों, दिव्यांगों, डॉक्टरों और कर्मचारियों को भवन में आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने नगर परिषद से नाली की तत्काल उड़ाही, मरम्मत, जलनिकासी की व्यवस्था और एंटी-लार्वा रसायनों और ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव की मांग की है.
जलजमाव के खिलाफ अभियान चलाने वाला विभाग ही हुआ जलजमाव का शिकार
विडंबना यह है कि जो विभाग शहर में जलजमाव और मच्छरों के खिलाफ अभियान चलाता है, वही विभाग आज खुद जलजमाव का शिकार बन गया है.अब देखना यह है कि नगर परिषद इस “अति-आवश्यक” गुहार पर कितनी तेजी से कार्रवाई करता है.
क्या कहते है जिला मलेरिया पदाधिकारी
सीवान के जिला मलेरिया पदाधिकारी डॉ ओ पी लाल ने कहा कि, नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी और सिटी मैनेजर को पत्र देकर नाले की सफाई कर जलजमाव की समस्या को दूर करने के लिए लगभग एक सप्ताह पहले कहा गया है.पानी की बदबू से ऑफिस में रहना मुश्किल हो गया है.
Also Read: सीवान में बड़ा हादसा, नगर पंचायत के ट्रैक्टर ने बाइक सवार को मारी टक्कर, मची अफरा-तफरी
