Siwan News: आगामी श्रावणी मेला को लेकर सीवान के एसपी पुरन कुंजर झा ने शनिवार को जीरादेई के अकोलही मंदिर और गुठनी के सोहागरा धाम का निरीक्षण किया. उन्होंने मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
अकोलही मंदिर और सोहागरा धाम पहुंचे एसपी
निरीक्षण के दौरान एसपी ने दोनों धार्मिक स्थलों पर मेले की तैयारियों का जायजा लिया. उन्होंने मंदिर के पुजारी और स्थानीय लोगों से बातचीत कर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली. संबंधित अधिकारियों से मेले के दौरान होने वाली संभावित भीड़ को लेकर भी जानकारी ली गयी.
सीसीटीवी और बैरिकेडिंग की हुई समीक्षा
एसपी ने भीड़ नियंत्रण, पार्किंग, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था समेत अन्य इंतजामों की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेले के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो.
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
एसपी पुरन कुंजर झा ने पुलिस अधिकारियों और तैनात जवानों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि मेले का आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से कराया जाना चाहिए. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया गया.
पर्याप्त संख्या में तैनात होगी पुलिस
श्रावणी मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. साथ ही सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे. प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में पूजा-अर्चना की सुविधा उपलब्ध कराना है.
