सीवान: सावन की पहली सोमवारी पर सोमवार को जिले भर के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ेगा. सुबह ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में पहुंचना शुरू कर देंगे. जिले के प्रसिद्ध महेन्द्रनाथ धाम (सिसवन), सोहगरा धाम (गुठनी) और आकोली शिव मंदिर (जीरादेई) में सबसे अधिक भीड़ रहने की संभावना है. इसके अलावा शहर के महादेवा पंचमुखी शिव मंदिर सहित सभी छोटे-बड़े शिवालयों में दिनभर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहेंगी.
पहले सोमवार का विशेष धार्मिक महत्व
हिंदू मान्यताओं के अनुसार सावन के पहले सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं. इसी आस्था के साथ श्रद्धालु गंगाजल, दूध, दही, शहद, बेलपत्र, धतूरा, भांग, आक के फूल तथा फल-फूल अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करेंगे.
कई श्रद्धालु रविवार देर रात से ही प्रमुख शिवालयों के लिए रवाना हो गए, ताकि सुबह सबसे पहले भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सकें.
डेढ़ लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान
महेन्द्रनाथ धाम और सोहगरा धाम में इस बार करीब डेढ़ लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है. सीवान के अलावा गोपालगंज, सारण, पश्चिम चंपारण और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में शिवभक्त यहां पहुंचेंगे.
मंदिर समितियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दर्शन और जलाभिषेक की अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की है. भीड़ प्रबंधन के लिए स्वयंसेवकों की भी तैनाती की गई है.
सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम
पहली सोमवारी को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं. प्रमुख शिवालयों में पुलिस बल, दंडाधिकारी और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. मंदिर परिसरों में बैरिकेडिंग, पेयजल, चिकित्सा सहायता, साफ-सफाई और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की गई है.
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.
दिनभर रहेगा भक्तिमय माहौल
श्रावण मास की पहली सोमवारी को लेकर जिले के शिवभक्तों में खासा उत्साह है. सुबह से देर शाम तक शिवालयों में पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का दौर चलता रहेगा. घंटा-घड़ियाल, शंखनाद और "हर-हर महादेव" तथा "बोल बम" के जयकारों से पूरा जिला शिवमय वातावरण में डूबा रहेगा.
इसे भी पढ़ें: ड्राइवर ही निकला डेहरी EO का कातिल, IG विकास वैभव ने हत्याकांड का किया खुलासा
