Passport Verification: पासपोर्ट सत्यापन कार्य से जुड़े पुलिसकर्मियों के लिए मंगलवार को एकदिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया. क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना की ओर से आयोजित प्रशिक्षण का उद्देश्य पासपोर्ट आवेदन एवं सत्यापन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुगम और त्वरित बनाना था, ताकि आम नागरिकों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण पासपोर्ट सेवा मिल सके.
mPassport Police App के उपयोग की दी गयी जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को mPassport Police App के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गयी. बताया गया कि ऐप के माध्यम से सत्यापन रिपोर्ट को टैब के जरिये सीधे अपलोड किया जा सकता है. इससे सत्यापन रिपोर्ट भेजने में होने वाली देरी कम होगी और पूरी प्रक्रिया में तेजी आयेगी.
नागरिकों के प्रति सहयोगपूर्ण व्यवहार का निर्देश
प्रशिक्षण में आवेदकों की नागरिकता एवं आपराधिक पृष्ठभूमि के सत्यापन से संबंधित दिशा-निर्देश भी दिये गये. पुलिसकर्मियों को पासपोर्ट सेवा केंद्र एवं क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सत्यापन रिपोर्ट भेजने की प्रक्रिया समझायी गयी. इससे आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी.
सत्यापन के दौरान पुलिसकर्मियों को नागरिक-अनुकूल, सहयोगपूर्ण एवं पारदर्शी व्यवहार अपनाने का निर्देश दिया गया. क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना के प्रतिनिधियों ने प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों की ओर से पूछे गये सवालों और व्यावहारिक समस्याओं का समाधान किया.
अधिकारियों ने किया प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन
प्रशिक्षण कार्यक्रम का संयुक्त रूप से उद्घाटन सहायक पासपोर्ट अधिकारी, क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना दिलीप कुमार एवं अपर पुलिस अधीक्षक, सीवान संजय झा ने किया. इस अवसर पर जिला नियोजन पदाधिकारी सुमित कुमार सिंह सहित संबंधित पुलिसकर्मी मौजूद रहे.
पुलिस प्रशासन ने उम्मीद जतायी कि प्रशिक्षण से जिले में पासपोर्ट सत्यापन कार्य में गति, दक्षता और पारदर्शिता बढ़ेगी. इसका सीधा लाभ पासपोर्ट के लिए आवेदन करने वाले नागरिकों को मिलेगा.
इसे भी पढ़ें: चिराग पासवान ने छात्रों से की मुलाकात, CM सम्राट चौधरी के सामने BPSC, बेल्ट्रॉन और TRE-4 की मांगें रखीं
