Siwan News: (बड़हरिया से आनंद मिश्र की रिपोर्ट)
सीवान के बड़हरिया प्रखंड के सभी 60 मध्य एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालयों में सोमवार से एफएलएन (फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी) समर कैंप का शुभारंभ हो गया. मॉडल स्कूल के रूप में चयनित मध्य विद्यालय भामोपाली और मध्य विद्यालय कैलगढ़ में आयोजित उद्घाटन समारोह के साथ कैंप की विधिवत शुरुआत हुई. गतिविधियों के आरंभ होते ही बच्चों में उत्साह देखने को मिला और विद्यालय परिसर बच्चों की चहचहाहट से गूंज उठा.
दीप प्रज्वलित कर हुआ समर कैंप का उद्घाटन
मध्य विद्यालय भामोपाली में शिक्षक नेता जयप्रकाश गुप्ता, पूर्व मुखिया सालदेव साह, सरपंच भृगुनाथ साह, पूर्व सरपंच गणेश शर्मा, विद्यालय शिक्षा समिति की सचिव शीला देवी, अध्यक्ष कलावती देवी, प्रधानाध्यापक डॉ. श्यामदेव यादव और सर्जन कुमार ने दीप प्रज्वलित कर कैंप का उद्घाटन किया. वहीं मध्य विद्यालय कैलगढ़ में एफएलएन नोडल शिक्षक ज्ञानभूषण कुमार सिंह, विद्यालय अध्यक्ष सबीहा नाज, प्रधानाध्यापिका रेणु कुमारी, शिक्षक नेता विपिन कुमार मिश्र, मंजर इमाम हसन, कामिल हुसैन और वार्डेन रेखा कुमारी ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का शुभारंभ किया.
बच्चों में बढ़ेगी रचनात्मकता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एफएलएन नोडल शिक्षक ज्ञानभूषण कुमार सिंह ने कहा कि समर कैंप का उद्देश्य बच्चों के सीखने की निरंतरता बनाए रखना और उनके सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना है. उन्होंने कहा कि यह कैंप केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि बच्चों की रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल, पठन-पाठन और गणितीय दक्षता विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है.
कला, विज्ञान, योग और प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन
समर कैंप के दौरान बच्चों के लिए कहानी वाचन, चित्रकला, गीत-संगीत, योग, विज्ञान गतिविधियां, कला एवं शिल्प, खेल-खेल में सीखने की गतिविधियां और विभिन्न शैक्षणिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को सीखने का नया और रोचक अनुभव मिलेगा.
एफएलएन का लक्ष्य बच्चों की मजबूत नींव तैयार करना
मध्य विद्यालय भामोपाली में शिक्षक नेता जयप्रकाश गुप्ता ने एफएलएन कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका उद्देश्य कक्षा एक से छह तक के बच्चों में बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान विकसित करना है. उन्होंने कहा कि एफएलएन के माध्यम से बच्चों को पढ़ने, लिखने, समझने और गणितीय अवधारणाओं को सरल एवं रोचक तरीके से सीखने का अवसर मिलता है. यह राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रमुख लक्ष्यों में शामिल है.
अभिभावकों से बच्चों की नियमित भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील
विद्यालय अध्यक्ष सबीहा नाज और प्रधानाध्यापिका रेणु कुमारी ने समर कैंप को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद उपयोगी बताते हुए अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें, ताकि वे कैंप की गतिविधियों का पूरा लाभ उठा सकें.
प्रखंड के सभी 60 विद्यालयों में चल रहा कैंप
समर कैंप में मध्य विद्यालय भामोपाली के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं. वहीं प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय कुड़वां, उत्क्रमित मध्य विद्यालय बाबूहाता, मध्य विद्यालय पहाड़पुर समेत सभी 60 मध्य एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालयों में सोमवार से एफएलएन समर कैंप का सफल संचालन शुरू हो गया है. बच्चों के उत्साह को देखते हुए विद्यालयों में सीखने का माहौल और भी जीवंत हो गया है.
