Siwan News: (सीवान से अमर नाथ शर्मा की रिपोर्ट )
सीवान रेलवे स्टेशन पर एक बच्चे के गले से सोने का लॉकेट छीनकर भाग रहे शातिर युवक को आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के पास से करीब 50 हजार रुपये मूल्य का सोने का लॉकेट भी बरामद किया गया है. घटना के बाद यात्रियों ने सुरक्षा बलों की कार्रवाई की सराहना की है.
बच्चे के गले से लॉकेट छीनकर भाग रहा था आरोपी
रेलवे स्टेशन पर गश्त के दौरान आरपीएफ की क्राइम प्रिवेंशन एंड डिटेक्शन स्क्वाड (सीपीडीएस) और जीआरपी की टीम ने एक युवक को संदिग्ध अवस्था में भागते देखा. जांच में पता चला कि उसने पूर्वी चंपारण जिले के हरैया थाना क्षेत्र के तुमरिया गांव निवासी यात्री पेंटर तिवारी के बच्चे के गले से सोने का लॉकेट छीन लिया था और फरार होने की कोशिश कर रहा था.
प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर जवानों ने पीछा कर पकड़ा
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी के निर्देश और आरपीएफ पोस्ट सीवान के प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र यादव के पर्यवेक्षण में प्लेटफॉर्म संख्या-4 पर निगरानी अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान सुरक्षा बलों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी का पीछा किया और उसे दबोच लिया.
50 हजार रुपये का सोने का लॉकेट बरामद
गिरफ्तार युवक के पास से चोरी किया गया सोने का लॉकेट बरामद कर लिया गया. अधिकारियों के अनुसार बरामद लॉकेट की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये है. बरामद सामान को कानूनी प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रखा गया है.पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह छपरा-गोरखपुर रेलखंड के विभिन्न रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में घूम-घूमकर यात्रियों को निशाना बनाता था. वह कीमती सामानों की चोरी और छिनतई जैसी घटनाओं को अंजाम देता था.
19 वर्षीय युवक निकला शातिर अपराधी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नगर थाना क्षेत्र के नया किला चिक टोली निवासी 19 वर्षीय मासूम अली के रूप में हुई है. पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास और अन्य घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच कर रही है. इस मामले में रेल थाना सीवान में कांड संख्या 90/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य संभावित साथियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हुई है.
संयुक्त अभियान में कई अधिकारी रहे शामिल
इस कार्रवाई में जीआरपी के पुअनि सुरेश राम, सीपीडीएस टीम के सउनि शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, आरपीएफ के सउनि छोटे लाल सिंह यादव, कांस्टेबल विजय कुमार यादव, अमरेन्द्र कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल धर्म प्रकाश मिश्रा, कांस्टेबल बिन्देश्वर साह गौड़ तथा जीआरपी के सिपाही श्रवण कुमार और राज कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही. सुरक्षा बलों की तत्परता से यात्री का कीमती सामान सुरक्षित बरामद कर लिया गया.
Also Read: 14 जून को जेपीयू में मनाया जाएगा विश्व रक्तदाता दिवस, छात्रों को दिलाई जाएगी रक्तदान की शपथ
