Siwan News : (राजन कुमार) सीवान जिले के मैरवा थाना क्षेत्र के चार पासपोर्ट धारकों पर कथित रूप से गलत जानकारी देकर दो-दो पासपोर्ट बनवाने और पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया में तथ्य छिपाने का आरोप लगा है. इस मामले में मैरवा थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) की अदालत में आवेदन देकर चारों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की है. साथ ही उनके बयान पर मैरवा थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कर ली गई है.
पासपोर्ट जांच में सामने आईं गंभीर अनियमितताएं
थानाध्यक्ष के आवेदन के अनुसार, पटना के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय और पुलिस अधीक्षक के पत्रों के आधार पर हुई जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं. जांच में आरोप है कि कुछ लोगों ने पुराने पासपोर्ट की जानकारी छिपाकर या पहचान संबंधी विवरण बदलकर दूसरा पासपोर्ट प्राप्त कर लिया.
Siwan Passport Fraud: चार लोगों पर लगे ये आरोप
पुलिस के अनुसार, इंग्लिश नोनिया टोला निवासी राजा कुमार चौहान पर पहले जारी पासपोर्ट के बाद नाम बदलकर राज कुमार चौहान के नाम से पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट (PCC) के लिए आवेदन करने का आरोप है.
वहीं तितरा निवासी भीम राम पर पहले से जारी पासपोर्ट की जानकारी छिपाकर दूसरा पासपोर्ट बनवाने का आरोप है. इसी तरह छोटका मांझा निवासी जितेंद्र कुशवाहा और इंग्लिश निवासी राजा आलम पर भी अलग-अलग विवरण देकर दूसरा पासपोर्ट हासिल करने का आरोप लगाया गया है.
पासपोर्ट अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग
मैरवा थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने अदालत को दिए आवेदन में कहा है कि इस तरह की गतिविधियां पासपोर्ट जारी करने की प्रक्रिया को प्रभावित करती हैं और विदेशों में भारत की साख पर भी प्रतिकूल असर डाल सकती हैं. इसलिए चारों आरोपितों के खिलाफ पासपोर्ट अधिनियम एवं अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की मांग की गई है.
Fake Passport Case: एफआईआर दर्ज, जांच शुरू
पुलिस ने चारों आरोपितों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. अब अदालत के निर्देश और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read : सीवान में दर्दनाक हादसा, फ्रिज में प्लग लगाते समय करंट लगने से 19 वर्षीय युवक की मौत
