Siwan News: (सीवान से अमर नाथ शर्मा की रिपोर्ट)
जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के पुरैना गांव से सनसनीखेज घटना सामने आई है. आरोप है कि ससुराल बुलाए गए युवक को पहले बेरहमी से पीटा गया और फिर उसके शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने की कोशिश की गई. गंभीर रूप से झुलसा युवक किसी तरह जान बचाकर भागा और घर पहुंचा. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है.
शादी तय होने के बाद ससुराल बुलाया गया था युवक
घायल युवक की पहचान बालापुर निवासी नंदकिशोर रावत के पुत्र आदित्य कुमार रावत के रूप में हुई है. आदित्य ने बताया कि उसकी शादी पुरैना गांव में तय हुई है. ससुराल पक्ष की ओर से फोन कर उसे गांव बुलाया गया था. पीड़ित सीवान में काम करता है, दोपहर करीब तीन बजे पुरैना पहुंचा.
बेरहमी से पिटाई फिर पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाया
आदित्य का आरोप है कि रात करीब साढ़े ग्यारह बजे आधा दर्जन लोगों ने उसे घेर लिया. इसके बाद उसकी जमकर पिटाई की गई. युवक ने बताया कि हमलावर लगातार उसके साथ मारपीट करते रहे और उसे जान से मारने की धमकी भी दी. घायल युवक के अनुसार मारपीट के बाद आरोपितों ने उसके शरीर पर पेट्रोल छिड़क दिया और आग लगा दी. अचानक आग की लपटों में घिरने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. किसी तरह आदित्य वहां से जान बचाकर भागने में सफल रहा.
गंभीर हालत में अस्पताल में कराया गया भर्ती
आग से झुलसे युवक को परिजनों ने आनन-फानन में सीवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज शुरू हुआ. हालांकि इलाज के दौरान ही परिजन डॉक्टर की सलाह के बिना अस्पताल से चले गए. युवक की हालत को लेकर इलाके में चिंता बनी हुई है. इतनी खौफनाक घटना को आखिर क्यों अंजाम दिया गया, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है. घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
इलाके में दहशत
इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है. स्थानीय लोग घटना को लेकर हैरान हैं और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपितों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: सरकारी स्कूलों में एक जून से शुरू होगा समर कैंप, शिक्षा विभाग ने जारी किए सख्त निर्देश
