Siwan News: (सीवान से पंकज कुमार की रिपोर्ट)
जिले की चार होनहार बेटियां अब राष्ट्रीय स्तर पर अपना दम दिखाने जा रही हैं. असम के गुवाहाटी में 29 मई से 31 मई 2026 तक आयोजित होने वाली 19वीं राष्ट्रीय ग्रैपलिंग चैंपियनशिप में सीवान की महिला खिलाड़ी बिहार टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी. खिलाड़ियों के रवाना होने पर जिले में उत्साह का माहौल है और खेल प्रेमियों को उनसे शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है.
चार महिला खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए रवाना
गुरुवार को सीवान जिले की चार महिला खिलाड़ी राष्ट्रीय ग्रैपलिंग चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए गुवाहाटी रवाना हुईं. सभी खिलाड़ी अलग-अलग भार वर्गों में बिहार टीम की ओर से चुनौती पेश करेंगी. सीनियर वर्ग में हसनपुरा प्रखंड की कविता कुमारी और रघुनाथपुर प्रखंड की मिनी कुमारी 53 किलोग्राम भार वर्ग में अपनी प्रतिभा दिखाएंगी. दोनों खिलाड़ियों से बिहार को पदक की उम्मीद है.
जूनियर वर्ग में सिमरन और शगुफ़्ता करेंगी मुकाबला
जूनियर वर्ग में जीरादेई प्रखंड की सिमरन कुमारी 49 किलोग्राम भार वर्ग में हिस्सा लेंगी, जबकि बड़हरिया प्रखंड की शगुफ़्ता नाज़ 58 किलोग्राम भार वर्ग में अपना दमखम दिखाएंगी. खिलाड़ियों के साथ महिला कोच श्रेया कुमारी भी मौजूद हैं. वे प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करेंगी और बेहतर प्रदर्शन के लिए रणनीति तैयार करेंगी.
रेलवे स्टेशन पर खिलाड़ियों का हुआ भव्य स्वागत
सीवान रेलवे स्टेशन पर खिलाड़ियों को विदा करने के दौरान उत्साह का माहौल देखने को मिला. इस मौके पर सीवान ग्रैपलिंग संघ के मुख्य संरक्षक डॉ. राजा प्रसाद, उपाध्यक्ष संजय जायसवाल और राष्ट्रीय कोच मनीष तिवारी मौजूद रहे. संघ के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि जिले की बेटियां राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करेंगी और बिहार के लिए पदक जीतकर लौटेंगी.
जिले में बढ़ रहा बेटियों का खेलों में दबदबा
खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य और सफलता के लिए शुभकामनाएं भी दी गईं. सीवान की बेटियों की इस उपलब्धि को जिले में महिला खिलाड़ियों के बढ़ते आत्मविश्वास और खेल प्रतिभा का प्रतीक माना जा रहा है. खेल प्रेमियों का कहना है कि लगातार बेटियां राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर रही हैं.
