सीवान से अमर नाथ शर्मा की रिपोर्ट
Siwan Crime News: सीवान में हत्या के प्रयास और फायरिंग के चर्चित मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी अपराधी रत्नेश कुमार पांडेय उर्फ रिंकू पांडेय के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई और तेज कर दी है. न्यायालय के आदेश पर उसके घर पर इश्तेहार चस्पा किया गया है. पुलिस का दावा है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
क्या है पूरा मामला?
सीवान के असांव थाना क्षेत्र में 27 मार्च 2026 को रविकांत सिंह को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया था. पुलिस के अनुसार, घटना के बाद उसी रात वादी के घर पर दोबारा फायरिंग भी की गई थी. इस मामले में असांव थाना कांड संख्या 59/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी.
रिंकू पांडेय के घर क्यों चस्पा किया गया इश्तेहार?
पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने बताया कि मामले में शामिल चार आरोपित पहले ही न्यायालय में आत्मसमर्पण कर चुके हैं. हालांकि, मुख्य आरोपितों में शामिल रिंकू पांडेय लगातार फरार चल रहा है. इसके बाद न्यायालय के आदेश पर महादेवा थाना क्षेत्र स्थित उसके घर पर विधिवत इश्तेहार चस्पा किया गया.
10 हजार रुपये का इनाम घोषित
सीवान पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश में विशेष टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. अधिकारियों को उम्मीद है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
कितना लंबा है रिंकू पांडेय का आपराधिक रिकॉर्ड?
एसपी पुरन कुमार झा के अनुसार, रिंकू पांडेय के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, रंगदारी, अवैध हथियार, शराब तस्करी और संगठित अपराध समेत 25 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं. उसका आपराधिक इतिहास सीवान के विभिन्न थानों के अलावा उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ है.
आम लोगों से पुलिस ने क्या अपील की?
पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की है कि आरोपी के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत नजदीकी थाना या सीवान जिला पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें. सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.एसपी ने कहा कि जिले में फरार अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. ऐसे अपराधियों पर इश्तेहार, कुर्की, इनाम घोषणा और स्पीडी ट्रायल जैसी कानूनी प्रक्रियाओं का उपयोग किया जा रहा है.
अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान कितना सख्त?
उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून से बचने की कोशिश करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस अब रिंकू पांडेय की गिरफ्तारी के लिए दबिश बढ़ा रही है. यदि वह जल्द आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो उसके खिलाफ कुर्की-जब्ती सहित अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है. पुलिस की विशेष टीम लगातार उसके संभावित ठिकानों पर नजर बनाए हुए है.
Also Read: सीवान पुलिस का सख्त एक्शन, 5 कुख्यातों पर इनाम घोषित, SP ने की बड़ी अपील
