मैरवा थाना क्षेत्र के भोपतपुरा मोहल्ले में एक महिला के साथ मारपीट की गंभीर घटना सामने आई है. पीड़िता ने मकान मालिक के परिजनों पर हमला करने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. घायल महिला को रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
मजदूरी से लौटने पर बाहर मिला सामान
पीड़िता मीरा देवी, जो जीरादेई थाना क्षेत्र के जमापुर गांव की रहने वाली हैं, अपने दो बच्चों के साथ भोपतपुरा में किराये के मकान में रहती हैं. उन्होंने बताया कि मंगलवार की शाम मजदूरी कर लौटने पर उनका चार्जर समेत अन्य सामान कमरे के बाहर फेंका हुआ मिला. जब उन्होंने इसका कारण पूछा तो विवाद शुरू हो गया.
लोहे की रॉड से हमला, सिर में गंभीर चोट
महिला का आरोप है कि मकान मालिक राजेश गोंड की पत्नी और उसके बच्चों ने मिलकर लोहे की रॉड से हमला कर दिया. हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा. आसपास के लोगों ने तत्काल उन्हें मैरवा रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
पहले से दर्ज है दुष्कर्म के प्रयास का मामला
पीड़िता का कहना है कि मकान मालिक राजेश गोंड के खिलाफ पहले से दुष्कर्म के प्रयास का मामला दर्ज है. उनका आरोप है कि उसी मामले को लेकर मकान मालिक के परिजन लगातार उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं. उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और पीड़िता से पूरे मामले की जानकारी ली. पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद मामले की निष्पक्ष जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
