सीवान: महाराजगंज में धूमधाम से मना रक्षाबंधन, ऐतिहासिक भइया-बहिनी मंदिर में उमड़े श्रद्धालु; थाना परिसर में जवानों ने बांधी राखी

महाराजगंज अनुमंडल मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में रक्षाबंधन का महापर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया. भाइयों की लंबी उम्र के लिए बहनों ने राखी बांधी और उपहारों का आदान-प्रदान किया. ऐतिहासिक भइया-बहिनी मंदिर में विशेष पूजन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा.

Siwan News: 'बहना ने भाई की कलाई पे प्यार बांधा है' और 'भैया मेरे राखी के बंधन को निभाना' जैसे पारंपरिक गीतों की गूंज के बीच महाराजगंज अनुमंडल मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शुक्रवार को रक्षाबंधन का महापर्व पूरी आस्था, उमंग और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. बहनों ने पूरे विधि-विधान से भाइयों के माथे पर तिलक लगाया, आरती उतारी और कलाई पर स्नेह की डोर बांधकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की मंगल कामना की. वहीं भाइयों ने अपनी बहनों को रक्षा का वचन देते हुए मनपसंद उपहार भेंट किए.

त्योहार को लेकर शहर से लेकर गांवों तक उत्सव का माहौल बना रहा. जिन लोगों की अपनी बहनें नहीं थीं, उन्हें पड़ोस की बहनों ने रक्षा सूत्र बांधकर इस रिश्ते की मिठास को जीवंत किया. स्थानीय थाना परिसर में पुलिस जवानों ने भी एक-दूसरे की कलाई पर राखी बांधी और मिठाई खिलाकर पर्व की खुशियां साझा कीं.

ऐतिहासिक भइया-बहिनी मंदिर में उमड़ी आस्थावानों की भारी भीड़

रक्षाबंधन के पावन अवसर पर महाराजगंज अनुमंडल के दरौंदा प्रखंड अंतर्गत भीखाबांध स्थित ऐतिहासिक 'भइया-बहिनी' मंदिर में सुबह से ही पूजा-अर्चना करने वाले श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. बालबंगरा, तक्कीपुर, सिकटियां, पटेढ़ी, महुआरी सहित महाराजगंज और जनता बाजार से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के बाद भाइयों को रक्षा सूत्र बांधा.

लगभग चार बीघे में फैले और एक-दूसरे से लिपटे दो विशाल वट वृक्ष भाई-बहन के अटूट प्रेम और सुरक्षा के अद्वितीय प्रतीक के रूप में जाने जाते हैं. यहां पूर्णिमा से एक दिन पूर्व से ही विशेष पूजन की परंपरा रही है, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व श्रद्धालु भाग लेते हैं.

मंदिरों में हुआ विशेष पूजन, सोशल मीडिया पर छाई रहीं तस्वीरें

रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों को रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था. श्रद्धालुओं ने जरती माई मंदिर, कंकारी माई मंदिर, नखास चौक स्थित काली माई मंदिर और राजेंद्र चौक स्थित दुर्गा मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर सुख-शांति की कामना की.

वहीं, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे फेसबुक और व्हाट्सएप पर दिनभर राखी के बधाई संदेश, तस्वीरें और महिलाओं के सम्मान से जुड़े प्रेरक वीडियो छाए रहे.

Also Read: सीवान: सिसवन के किशुनबारी गांव में शौच के लिए निकले अधेड़ की सर्पदंश से मौत, अस्पताल ले जाने से पहले तोड़ा दम


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अफजल अनवर

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >