Shahzad Ali Murder Case : सीवान के बड़हरिया थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव में शहजाद अली हत्याकांड के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. रविवार शाम राजद नेता सह विधान पार्षद विनोद जायसवाल ने प्रतिनिधिमंडल के साथ पीड़ित परिवार से मुलाकात की. उन्होंने घटना को नृशंस बताते हुए फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की मांग की.
शहजाद अली के परिजनों से की मुलाकात
रविवार शाम बड़हरिया थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव में राजद नेता सह विधान पार्षद विनोद जायसवाल के नेतृत्व में राजद का एक प्रतिनिधिमंडल मृतक शहजाद अली के परिजनों से मिला. प्रतिनिधिमंडल ने परिवार को सांत्वना देते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.
हत्याकांड को बताया अमानवीय और नृशंस
विनोद जायसवाल ने शहजाद अली की पीट-पीटकर हत्या किए जाने की घटना को अमानवीय और नृशंस बताया. उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में फरार आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग की, ताकि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिल सके.
मुआवजा और सरकारी नौकरी की उठाई मांग
राजद विधान पार्षद ने राज्य सरकार से पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा देने तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को हर स्तर पर न्याय मिलना चाहिए.
सदन में उठाएंगे गिरफ्तारी का मुद्दा
विनोद जायसवाल ने विलंब से पहुंचने पर मृतक के परिजनों से माफी मांगी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस हत्याकांड में अब तक फरार आरोपियों की गिरफ्तारी का मुद्दा वे विधान परिषद के सदन में भी उठाएंगे.
कई राजद नेता रहे मौजूद
इस दौरान पूर्व जिला पार्षद कमलेश प्रसाद, डॉ. रवींद्र राय, पिंकू जायसवाल, नसीम अहमद, मंटू यादव सहित राजद के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे. सभी ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
Also Read : सावन की पहली सोमवारी पर भगवानपुर हाट में झमाझम बारिश, किसानों की खुशी और चिंता साथ-साथ क्यों बढ़ी?
