प्रधानाध्यापक मिथिलेश कुमार को सेवानिवृत्ति पर दी विदाई, कोडारी कला में हुआ सम्मान समारोह

दरौंदा के उत्क्रमित मध्य विद्यालय में प्रधानाध्यापक मिथिलेश कुमार के सेवानिवृत्ति पर सम्मान समारोह का आयोजन, शिक्षकों ने उनके योगदान को सराहा।

Siwan News: दरौंदा प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, कोडारी कला परिसर में शुक्रवार को विद्यालय के प्रधानाध्यापक मिथिलेश कुमार के सेवानिवृत्त होने पर सम्मान सह विदाई समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में विद्यालय परिवार, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों एवं गणमान्य लोगों ने उन्हें अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया. इस दौरान उनके दीर्घ, समर्पित और अनुकरणीय शैक्षिक योगदान की सराहना की गयी.

शिक्षक सेवानिवृत्त नहीं होता, अनुभव से समाज का मार्गदर्शन करता है

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व जिला शिक्षा पदाधिकारी अशोक पाण्डेय ने की. उन्होंने कहा कि शिक्षक कभी वास्तव में सेवानिवृत्त नहीं होता, बल्कि अपने अनुभव, ज्ञान और संस्कारों के माध्यम से समाज का मार्गदर्शन करता रहता है. उन्होंने कहा कि मिथिलेश कुमार ने पूरे सेवाकाल में ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने का कार्य किया है. उनका योगदान हमेशा प्रेरणादायी रहेगा.

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुशासन में रहा महत्वपूर्ण योगदान

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सौरभ सुमन ने कहा कि प्रधानाध्यापक मिथिलेश कुमार ने विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. उनकी कार्यशैली आने वाली पीढ़ी के शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी. उन्होंने शिक्षा विभाग की ओर से मिथिलेश कुमार के स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं.

सेवा से विराम, समाज के प्रति जिम्मेदारी जीवनभर

पूर्व प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अजय कुमार ने कहा कि सरकारी सेवा से सेवानिवृत्ति केवल दायित्वों से विराम है, जबकि समाज और शिक्षा के प्रति शिक्षक की जिम्मेदारी जीवनभर बनी रहती है. उन्होंने विश्वास जताया कि मिथिलेश कुमार आगे भी अपने अनुभवों के माध्यम से समाज और शिक्षा जगत का मार्गदर्शन करते रहेंगे.

सरल स्वभाव और कर्तव्यनिष्ठा की हुई सराहना

समारोह को लालबाबू सिंह, अखिलानन्द पाण्डेय, अमितेश तिवारी, विनय सोनी, शशिभूषण सिन्हा, मिथिलेश तिवारी, विनय सिंह, कुणाल कश्यप, शोभा देवी, हरिचरण यादव एवं रविन्द्र कुमार ने भी संबोधित किया. सभी वक्ताओं ने मिथिलेश कुमार के सरल स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासनप्रियता और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण की सराहना की. वक्ताओं ने उनके कार्यकाल को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण बताया.

कार्यक्रम का संचालन हितेष कुमार चौबे ने किया. समारोह के दौरान विद्यालय परिवार एवं उपस्थित लोगों ने सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक के सुखद एवं स्वस्थ जीवन की कामना की.

Also Read: पीके के सामने थाने में क्यों भिड़ गए जन सुराज के दो सीनियर नेता? पूर्व डीजी आरके मिश्रा ने किशोर मुन्ना को लगाई फटकार, VIDEO वायरल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रवींद्र गुप्ता

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >