Siwan News: हुसैनगंज प्रखंड के सहदुल्लेपुर गांव स्थित जीरादेई विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक स्व. राजाराम चौधरी के पैतृक आवास पर बुधवार को उनकी पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई. इस अवसर पर उनके पुत्र जितेंद्र यादव द्वारा स्थापित कराई गई स्व. राजाराम चौधरी की आदमकद प्रतिमा का अनावरण बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी ने किया.
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समर्थक और ग्रामीण उपस्थित रहे. प्रतिमा अनावरण के बाद पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने स्व. राजाराम चौधरी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद किया.
गरीबों और किसानों के हितों के लिए किया काम
अवध बिहारी चौधरी ने कहा कि स्व. राजाराम चौधरी ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतकर बिहार विधानसभा में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस में रहते हुए भी राजाराम चौधरी समाजवादी विचारधारा से प्रभावित रहे और अपने पूरे राजनीतिक जीवन में गरीबों, किसानों तथा आम लोगों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी.
उन्होंने कहा कि जनसेवा उनके राजनीतिक जीवन का प्रमुख उद्देश्य था और उनका योगदान आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है.
श्रद्धांजलि अर्पित कर किया योगदान का स्मरण
कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भी स्व. राजाराम चौधरी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. वक्ताओं ने कहा कि उनके आदर्शों पर चलकर ही समाज और क्षेत्र का समग्र विकास संभव है.
ये रहे मौजूद
पुण्यतिथि समारोह में पूर्व विधायक हरिशंकर यादव, अमरनाथ यादव, अमरजीत कुशवाहा, पूर्व प्रमुख कन्हैया यादव, विजय यादव, मकरध्वज यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें: पटना से गया तक चली तबादला एक्सप्रेस, बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में 20 अफसरों का ट्रांसफर
