BPSSC SI Prohibition Exam 2026: सीवान में 50% से कम रही उपस्थिति, करेंट अफेयर्स के सवालों ने अभ्यर्थियों को उलझाया

BPSSC SI Prohibition Exam Siwan: सीवान में बीपीएसएससी मद्य निषेध अवर निरीक्षक (SI Prohibition) प्रारंभिक परीक्षा 16 केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई. 8,280 में से 4,075 अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि 4,205 अनुपस्थित रहे.

BPSSC SI Prohibition Exam Siwan: बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) की ओर से आयोजित मद्य निषेध अवर निरीक्षक (SI Prohibition) प्रारंभिक परीक्षा रविवार को जिले के 16 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई. परीक्षा में कुल 8,280 अभ्यर्थियों को शामिल होना था, लेकिन केवल 4,075 अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 4,205 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे. इस तरह जिले में उपस्थिति 50 प्रतिशत से भी कम रही.

आयोग के अनुसार, प्रारंभिक परीक्षा के आधार पर रिक्तियों के 20 गुना अभ्यर्थियों का चयन मुख्य परीक्षा के लिए किया जाएगा. परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक एक पाली में आयोजित की गई.

16 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

जिले में वीएम हाई स्कूल, राजवंशी देवी बालिका उच्च विद्यालय, इस्लामिया हाई स्कूल सह इंटर कॉलेज, संघमित्रा पब्लिक स्कूल समेत कुल 16 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे. सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और जैमर लगाए गए थे. जिला प्रशासन के अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहे.

करेंट अफेयर्स ने बढ़ाई मुश्किल

परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि इस बार प्रश्न पत्र का स्तर पिछले वर्षों की तुलना में अधिक चुनौतीपूर्ण था. सामान्य अध्ययन (GS) के कई प्रश्न अपेक्षाकृत आसान थे, लेकिन करेंट अफेयर्स के सवालों ने अधिकांश परीक्षार्थियों को उलझा दिया.

संघमित्रा पब्लिक स्कूल केंद्र पर परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्नों का पैटर्न बदला हुआ नजर आया. इतिहास, भूगोल, भारतीय राजव्यवस्था, विज्ञान, समाजशास्त्र और विश्व इतिहास के साथ-साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय समसामयिक घटनाओं से जुड़े प्रश्न पूछे गए. अभ्यर्थियों का मानना है कि बदले हुए पैटर्न का असर इस बार कटऑफ और मेरिट पर पड़ सकता है.

सघन जांच के बाद मिला प्रवेश

परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर और मैनुअल जांच की गई. एडमिट कार्ड और पहचान पत्र का मिलान करने के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया. किसी भी अभ्यर्थी को मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर जाने की अनुमति नहीं थी.

समाहरणालय परिसर में बनाए गए नियंत्रण कक्ष से सभी परीक्षा केंद्रों की लगातार निगरानी की गई. जिला प्रशासन ने बताया कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई तथा कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली.

Also Read: अगस्त से गंगा में दौड़ेगी वाटर मेट्रो, पटना को मिलेगा नया सफर का अनुभव, जानिए रूट से लेकर किराए तक सबकुछ



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Jitendra upadhyay

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >