सीवान: साइबर धोखाधड़ी मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की कार्रवाई, भगवानपुर हाट से युवक गिरफ्तार

मुंबई क्राइम ब्रांच ने साइबर धोखाधड़ी के एक मामले में सीवान के भगवानपुर हाट से एक युवक को गिरफ्तार किया है. युवक की पहचान संजीव कुमार के रूप में हुई है, जिसे मोबाइल लोकेशन के आधार पर पकड़ा गया.

Siwan News : मुंबई क्राइम ब्रांच यूनिट-12 दहीसर की पुलिस ने सोमवार को साइबर धोखाधड़ी से जुड़े एक मामले में भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के रामपुर गांव से एक युवक को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार युवक की पहचान संजीव कुमार के रूप में हुई है. मुंबई पुलिस की टीम ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसके घर पहुंचकर सादे लिबास में उसे हिरासत में लिया. इसके बाद उसे भगवानपुर हाट थाने लाकर कई घंटे तक पूछताछ की गयी.

तीन दिन से युवक की गतिविधियों पर नजर रख रही थी टीम

मुंबई क्राइम ब्रांच यूनिट-12 दहीसर के एपीआई युवराज चौहान के नेतृत्व में हवलदार राणे और कांस्टेबल सिरसाठ की टीम भगवानपुर हाट थाना पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करने पहुंची थी. पुलिस टीम करीब तीन दिन पहले भगवानपुर पहुंची और संजीव कुमार की दुकान तथा उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी. सोमवार को मौका मिलते ही टीम ने उसके घर से उसे गिरफ्तार कर लिया.

सोशल मीडिया अकाउंट से शुरू हुई थी जांच

एपीआई युवराज चौहान के अनुसार, मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच दहीसर थाने में प्राथमिकी दर्ज है. सोशल मीडिया पर इंस्पेक्टर संजय के नाम से संचालित एक अकाउंट को लेकर मामले की जांच शुरू हुई थी. अनुसंधान के दौरान मुंबई की अंजला मोबारक को गिरफ्तार कर पूछताछ की गयी. पूछताछ में जांच की कड़ियां मध्य प्रदेश के गौरव परिहार, झारखंड के अमित कुमार तिवारी, आजाद कुमार और कृष्णा कुमार तक पहुंचीं.

मोबाइल लोकेशन के आधार पर भगवानपुर पहुंची पुलिस

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान सीडीआर, एसडीआर, लाइव लोकेशन और मोबाइल लोकेशन से संबंधित कथित अवैध नेटवर्क के संचालन के साक्ष्य सामने आये. गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ और मोबाइल लोकेशन के आधार पर मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम भगवानपुर पहुंची थी. इसके बाद संजीव कुमार की गतिविधियों पर नजर रखी गयी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

ट्रांजिट रिमांड लेकर मुंबई ले जायेगी पुलिस

गिरफ्तारी के बाद मुंबई पुलिस संजीव कुमार को भगवानपुर हाट थाने लेकर पहुंची, जहां उससे कई घंटे तक पूछताछ की गयी. अब उसे सीवान न्यायालय में प्रस्तुत कर ट्रांजिट रिमांड लेने की प्रक्रिया की जायेगी. ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद मुंबई पुलिस उसे पूछताछ के लिए मुंबई ले जायेगी.

गिरफ्तारी की खबर फैलते ही इलाके में चर्चा

युवक को घर से हिरासत में लिये जाने और थाने ले जाने की खबर फैलते ही पूरे भगवानपुर बाजार सहित आसपास के क्षेत्र में इसकी चर्चा होने लगी. सोमवार को दिनभर स्थानीय लोगों के बीच मुंबई पुलिस की कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रंजीत यादव

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >