Siwan News: श्रावण मास की धार्मिक आस्था और शिवभक्ति के माहौल के बीच दरौंदा प्रखंड के बेलदारी टोला गांव से शुक्रवार को श्रद्धालु कांवरियों का जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) के लिए रवाना हुआ. गांव में सुबह से ही भक्तिमय वातावरण बना रहा और ‘बोल बम’ तथा ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा इलाका गूंज उठा.
शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर मांगा आशीर्वाद
यात्रा पर निकलने से पूर्व सभी कांवरियों ने गांव स्थित शिव मंदिर में विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की. श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा की सफलता और मंगलकामना के लिए भगवान शिव से आशीर्वाद प्राप्त किया. पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने भगवा वस्त्र धारण किया और हाथों में कांवर लेकर पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ बाबाधाम के लिए रवाना हुए.
पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ ग्रामीणों ने दी विदाई
कांवरियों के रवाना होने के दौरान ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा एवं जयघोष के साथ उन्हें शुभकामनाएं दीं. ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं की सुखद और सुरक्षित यात्रा की कामना की. इस दौरान कांवरियों में शिवभक्ति का उत्साह देखते ही बन रहा था. गांव का माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा.
सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर करेंगे पैदल यात्रा
श्रद्धालु सुल्तानगंज पहुंचकर पवित्र गंगाजल भरेंगे. इसके बाद कांवर लेकर पैदल यात्रा करते हुए बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर पहुंचेंगे. वहां बाबा बैद्यनाथ के दरबार में पवित्र गंगाजल अर्पित कर जलाभिषेक करेंगे. यात्रा को लेकर कांवरियों में खासा उत्साह है.
इस कांवरिया जत्थे में विवेक महतो, राजेंद्र साह, कुंदन कुमार, सुनील कुमार, प्रमोद कुमार, राजा राम यादव एवं सियाराम चौहान सहित अन्य शिवभक्त शामिल रहे.
