सीवान: महिलाओं की अंतरराष्ट्रीय सामाजिक संस्था इनर व्हील क्लब आद्या सीवान का इंस्टॉलेशन समारोह रविवार को शिवव्रत साह मंदिर परिसर में आयोजित किया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय रहे. समारोह में नई कार्यकारिणी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेते हुए सेवा, मित्रता और महिला सशक्तिकरण के लिए कार्य करने का संकल्प लिया.
नई कार्यकारिणी ने संभाली जिम्मेदारी
समारोह में आरती आलोक वर्मा ने प्रेसिडेंट, रेखा जायसवाल ने वाइस प्रेसिडेंट, रिंकी कुमारी ने सेक्रेटरी, अल्पिता मिश्रा ने आईएसओ, अंजलि पुष्कर ने एडिटर तथा डॉ. सोनाली वर्मा ने कोषाध्यक्ष पद की शपथ ली. नई टीम का स्वागत क्लब के सदस्यों ने पिन पहनाकर किया.
डीएम बोले- विकसित भारत में महिलाओं की भूमिका अहम
समारोह को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने कहा कि नारी की सक्रिय भागीदारी के बिना विकसित भारत का संकल्प पूरा नहीं हो सकता. उन्होंने कहा कि इनर व्हील क्लब जैसे संगठन महिला सशक्तिकरण के साथ सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत कर रहे हैं.
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उपेंद्र कुमार ने कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. वहीं बीस सूत्री उपाध्यक्ष संजय पांडेय ने कहा कि महिलाओं की सहभागिता से ही समाज का समग्र विकास संभव है.
जरूरतमंद बालिकाओं को बांटी गई अध्ययन सामग्री
कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद बालिकाओं को पेन और कॉपी वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया. अल्पिता मिश्रा ने वंदे मातरम् की प्रस्तुति दी. इंस्टॉलेशन समारोह से पूर्व शिवव्रत साह मंदिर में रुद्राभिषेक, महाआरती एवं प्रसाद वितरण का आयोजन हुआ, जिसमें विश्व शांति और जनकल्याण की कामना की गई.
सांस्कृतिक कार्यक्रम और पौधरोपण के साथ हुआ समापन
सावन महोत्सव के अवसर पर महिलाओं और बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया. कार्यक्रम के अंत में वाइस प्रेसिडेंट रेखा जायसवाल ने धन्यवाद ज्ञापन किया. राष्ट्रगान और पौधरोपण के साथ समारोह का समापन हुआ.
इस अवसर पर गणेश दत्त पाठक, डॉ. राकेश कुमार गुप्ता, डॉ. अंजलि कुमारी, मृत्युंजय तिवारी, रूपल आनंद, विकास कुमार, डॉ. राजा प्रसाद, अभिमन्यु, सूरज, सिद्धू, संजय जायसवाल, विनीता कुमारी, मीनाक्षी जायसवाल, नीतू सिंह सहित बड़ी संख्या में क्लब सदस्य एवं अतिथि उपस्थित रहे.
Also Read: बिहार में सड़क हादसा हुआ तो बस 112 पर करें कॉल, मिलेगा 1.5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज
