Saran News: सारण जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र के हुस्सेपुर नंद गांव में सोमवार की दोपहर जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी झड़प हो गई. मारपीट में दोनों पक्षों के कुल आठ लोग घायल हो गए. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई.
सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही बसंतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बसंतपुर लाया गया. यहां ड्यूटी पर तैनात डॉ. राकेश कुमार सिंह, वार्ड अटेंडेंट चंदन कुमार और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया. इस दौरान थानाध्यक्ष राजू कुमार भी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली.
छह घायलों की हालत गंभीर, सदर अस्पताल रेफर
मारपीट में गंभीर रूप से घायल हुस्सेपुर नंद गांव निवासी मुकुंद कुमार, दीपक कुमार, अंगद यादव, बिंदा देवी, संजय यादव और महेश कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. वहीं चंदा देवी और बद्दी राय का इलाज बसंतपुर सीएचसी में ही किया गया.
अस्पताल में जुटी लोगों की भीड़
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन पहुंच गए. घायलों के इलाज के दौरान अस्पताल में काफी भीड़ देखी गई.
रविवार को भी हुआ था विवाद
स्थानीय सूत्रों के अनुसार जमीनी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच रविवार को भी कहासुनी और मामूली मारपीट हुई थी. सोमवार को विवाद एक बार फिर बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद हिंसक झड़प हो गई.
पुलिस कर रही मामले की जांच
बसंतपुर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर घटना के कारणों और विवाद की पृष्ठभूमि की जानकारी जुटा रही है. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: अनंत सिंह और गुंजन सिंह गोपालगंज कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचे, मिली स्थायी जमानत, जानें पूरा केस
