Siwan News: हुसैनगंज प्रखंड के पूर्वी हरिहांस एवं पश्चिमी हरिहांस पंचायत में बुधवार को आयोजित सहयोग शिविर का अपर जिला पदाधिकारी (एडीएम) इश्तेयाक अंसारी ने निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं, विभिन्न विभागों द्वारा प्राप्त आवेदनों के निष्पादन तथा आम लोगों को उपलब्ध कराई जा रही सरकारी सेवाओं की समीक्षा की.
राशन कार्ड, पेंशन और जन्म प्रमाण पत्र से जुड़े मिले आवेदन
पूर्वी हरिहांस पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में मुखिया बिंदु देवी, बीडीओ, सीओ मो. सरफराज अहमद, राजद नेता शैलेंद्र कुमार यादव, कुमार अनूप एवं शंभू सिंह मौजूद रहे. शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पहुंचे. कुल 20 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें अधिकांश शिकायतें राशन कार्ड, मनरेगा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा जन्म प्रमाण पत्र से संबंधित थीं. ग्रामीणों ने इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की.
तीन अधिकारियों की अनुपस्थिति पर एडीएम नाराज
निरीक्षण के दौरान एडीएम ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति की भी समीक्षा की. इस दौरान बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ), आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) और थानाध्यक्ष के अनुपस्थित रहने पर उन्होंने नाराजगी जताई. एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को सरकारी निर्देशों के अनुरूप सहयोग शिविरों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि सहयोग शिविरों का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करना है. ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी.
समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश
एडीएम इश्तेयाक अंसारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों का अनावश्यक चक्कर नहीं लगाना पड़े. उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है. इसलिए सभी संबंधित विभाग पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें.
Also Read: बांकीपुर जीतने के बाद क्या करेंगे प्रशांत किशोर, जानिए जन सुराज का अगला प्लान
