सीवान के बड़हरिया में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, जयकारों से गूंजा पूरा नगर

Siwan News: बड़हरिया में भगवान जगन्नाथ की धूमधाम से रथयात्रा निकली, जिसने पूरे नगर को भक्तिमय कर दिया. हाथी, गाजे-बाजे और फूलों से सजे रथ के साथ निकली इस शोभायात्रा में बारिश के बावजूद हजारों श्रद्धालु शामिल हुए.

Siwan News: (आनंद मिश्र) बड़हरिया पुरानी बाजार स्थित दुर्गा मंदिर से शुक्रवार की शाम भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकाली गई. रथयात्रा से पहले भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना व आरती की गई. आरती में विधायक इंद्रदेव सिंह पकेल, भाजपा नेता अनुरंजन मिश्र, नागेंद्र सिंह पटेल, धर्मनाथ सिंह, राजेश सिंह, बजरंग दल के जिला संयोजक रंजन सिंह, गुड्डू सोनी समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए.

श्रीराम जानकी मंदिर तक निकली शोभायात्रा

भव्य शोभायात्रा पुरानी बाजार से बड़हरिया गांव, थाना चौक, मुख्य बाजार, जामो चौक और हॉस्पिटल मोड़ होते हुए श्रीराम जानकी मंदिर पहुंची, जहां भगवान की विधिवत पूजा-अर्चना की गई. इसके बाद रथ पुनः पुरानी बाजार स्थित दुर्गा मंदिर लौट आया.

फूलों और रोशनी से सजा रथ बना आकर्षण का केंद्र

रथ में भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा को आकर्षक ढंग से विराजमान किया गया था. हाथी, गाजे-बाजे, रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजा रथ श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा. मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान की पूजा-अर्चना कर शोभायात्रा का स्वागत किया. बड़हरिया गांव में महिलाओं ने पुष्पवर्षा की, जबकि व्यवसायियों ने शरबत, पेयजल और अन्य पेय पदार्थ वितरित कर श्रद्धालुओं की सेवा की.

रथ की रस्सी खींचने के लिए भक्तों में दिखा उत्साह

रथयात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय माहौल में डूब गया. महिला श्रद्धालु भजन-कीर्तन और नृत्य करते हुए यात्रा में शामिल रहीं. वहीं भगवान के रथ की रस्सी खींचने के लिए भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला.

इस्कॉन के कृष्ण भक्तों का हुआ भव्य स्वागत

श्रीराम जानकी मंदिर परिसर में भाजपा नेता अनुरंजन मिश्र, रंजन सिंह, विजय गुप्ता, राजेश गिरि और रामनारायण चौरसिया ने इस्कॉन के कृष्ण भक्तों का फूलमालाओं से स्वागत किया. इस अवसर पर संत तुलसीनाथ प्रभुजी, मिथिला नरेश प्रभुजी, हंसनाथ प्रभुजी, ब्रजसुंदर प्रभुजी, विजय मंडल विष्णु सहित बड़ी संख्या में संत, श्रद्धालु और गणमान्य लोग मौजूद रहे.

बारिश भी नहीं रोक सकी श्रद्धालुओं का उत्साह

रथयात्रा के दौरान थानाध्यक्ष छोटन कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहा. बारिश होने के बावजूद हजारों श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और पूरे मार्ग में भगवान जगन्नाथ के जयकारे गूंजते रहे.

इसे भी पढ़ें: बिहार में कई IAS अधिकारियों के विभाग बदले, धर्मेंद्र कुमार-दिवेश सेहरा को मिली बड़ी जिम्मेदारी, यहां देखें किसे क्या मिला




प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Ranjan

विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 8 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने Aryabhatta Knowledge University, Patna से BJMC की पढ़ाई की है.

उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 टीवी चैनल से की. इसके बाद News India, News18 Digital सहित कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग का अनुभव प्राप्त किया.

वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में Content Writer के रूप में कार्यरत हैं. यहां बिहार की राजनीति, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >