Siwan Train Stone-Pelting Incident : सीवान में गोरखपुर कैंट–सीवान पैसेंजर ट्रेन के ट्रेन मैनेजर पर पथराव के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी की संयुक्त टीम को सफलता मिली है. घटना के चार दिन बाद एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. रेलवे अधिकारियों के अनुसार मामले में अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है.
ट्रेन मैनेजर पर पथराव मामले में एक आरोपी गिरफ्तार
गोरखपुर कैंट–सीवान पैसेंजर ट्रेन संख्या 55042 के ट्रेन मैनेजर पर पथराव के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान सीवान नगर थाना क्षेत्र के नवलपुर निवासी मोहम्मद मज़हर के पुत्र अरबाज के रूप में हुई है. रेलवे सुरक्षा बल ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
चेन पुलिंग के बाद हुई थी घटना
जानकारी के अनुसार, 30 जुलाई 2026 की रात करीब 10:35 बजे जीरादेई और सीवान स्टेशन के बीच दाहा नदी के पास ट्रेन संख्या 55042 में लगातार दो बार चेन पुलिंग हुई थी. ट्रेन मैनेजर कृष्ण कुमार चेन पुलिंग को रीसेट कर गार्ड ब्रेक की ओर लौट रहे थे. इसी दौरान 2-3 अज्ञात लोगों ने उनके साथ अभद्रता की और पथराव कर दिया. घटना में उनके बाएं पैर में हल्की चोट आई.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची आरपीएफ
घटना की जानकारी मिलते ही आरपीएफ पोस्ट सीवान के प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र यादव अपनी टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू की. आसपास के लोगों से पूछताछ की गई. असामाजिक तत्वों की पहचान के लिए मुखबिरों की मदद ली गई और एलसी गेट संख्या 94/ए पर तैनात गेटमैन से भी जानकारी जुटाई गई.
दोनों एजेंसियों ने दर्ज किया मामला
घटना के संबंध में आरपीएफ पोस्ट सीवान में अपराध संख्या 412/26 के तहत रेल अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया. वहीं जीआरपी सीवान ने अपराध संख्या 140/26 के तहत रेल अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की. मामले की जांच आरपीएफ और जीआरपी के अधिकारियों को सौंपी गई.
संयुक्त टीम की कार्रवाई से मिली सफलता
मामले के उद्भेदन के लिए आरपीएफ सीवान, जीआरपी सीवान और सीआईबी छपरा की संयुक्त टीम का गठन किया गया. लगातार छानबीन और तकनीकी व स्थानीय स्तर पर की गई जांच के बाद टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. रेलवे सुरक्षा बल के अनुसार, अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है.
Also Read : सावन की पहली सोमवारी पर सीवान के दुर्गा मंदिर में हादसा, जलाभिषेक के दौरान फिसलकर गिरीं महिलाएं, 3 घायल
