कच्चा आम तोड़ने से मना करने पर दबंगों ने तीन महिलाओं को पीटा, एक की हालत गंभीर

Siwan News :  महिलाओं ने आम तोड़ने से मना किया, तो आरोपी भड़क गए. गाली-गलौज करने लगे. विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने महिलाओं पर हमला बोल दिया.

भगवानपुर हाट (सीवान) से रंजीत कुमार यादव

Siwan News :  सीवान जिले के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के सोंधानी गोवासी टोला गांव में एक पेड़ से कच्चा आम तोड़ने का विरोध करने पर दबंगों ने एक ही परिवार की तीन महिलाओं पर लाठी और ईंटों से जानलेवा हमला कर दिया. इस हिंसक झड़प में तीनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनमें से एक महिला की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया है.

मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप

मिली जानकारी के अनुसार, सोंधानी गोवासी टोला गांव की निवासी 65 वर्षीय गौतमी कुंवर, 45 वर्षीय ममता देवी और 20 वर्षीय खुशबू कुमारी अपने घर के पास मौजूद थीं. इसी दौरान गांव के ही रूपेश कुमार, अनुपम कुमार और अमित कुमार आंगन के पास स्थित पेड़ से जबरन कच्चा आम तोड़ने लगे.

जब महिलाओं ने इसका विरोध किया और उन्हें आम तोड़ने से मना किया, तो आरोपी भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने सुगांति देवी के साथ मिलकर लाठी, डंडों और ईंटों से महिलाओं पर हमला बोल दिया.

घायलों को भगवानपुर हाट सीएचसी में कराया भर्ती

चीख-पुकार सुनकर दौड़े आसपास के ग्रामीणों की मदद से सभी घायल महिलाओं को तुरंत भगवानपुर हाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, 45 वर्षीय ममता देवी के सिर पर ईंट और लाठी से गहरा प्रहार किया गया है. सिर में गहरा जख्म होने के कारण उन्हें कई टांके लगाए गए हैं. अत्यधिक खून बह जाने और स्थिति गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, सीवान रेफर कर दिया गया. वहीं, वृद्ध गौतमी कुंवर और खुशबू कुमारी का इलाज स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में जारी है.

मामले की जांच में जुटी डायल 112 की पुलिस

पीड़ित पक्ष द्वारा स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जा रही है. वहीं, घटना की सूचना मिलते ही आपातकालीन पुलिस सेवा (डायल 112) की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है. ग्रामीणों का कहना है कि मामूली बात पर महिलाओं के साथ इस तरह की बर्बरता करने वाले आरोपियों पर पुलिस को सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए.

Also Read : सीवान में सनसनी: बगीचे में पेड़ से लटका मिला अधेड़ का शव, जमीन से महज एक बीता ऊपर था पैर


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >