Siwan Sanitation Workers Strike : सीवान में नगर निकायों के सफाईकर्मियों की संभावित हड़ताल को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने सभी नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि किसी भी स्थिति में शहर की सफाई व्यवस्था बाधित नहीं होनी चाहिए. हड़ताल लंबी खिंचने पर एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई, वैकल्पिक व्यवस्था और जरूरत पड़ने पर एफआईआर दर्ज कराने के भी निर्देश दिए गए हैं.
हड़ताल को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट
दरअसल, सीवान के जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने नगर निकायों में कार्यरत सफाईकर्मियों की संभावित हड़ताल को देखते हुए सभी नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं. उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था हर हाल में सुचारु रहनी चाहिए ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.
सफाई बाधित होने से बढ़ सकता है स्वास्थ्य संकट
जिलाधिकारी ने अपने आदेश में कहा है कि यदि सफाई व्यवस्था प्रभावित होती है तो शहर में गंदगी फैलने, वातावरण दूषित होने और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है. इससे आमजन के साथ-साथ नगर प्रशासन की व्यवस्था भी प्रभावित होगी. इसलिए सभी अधिकारी पहले से आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें.
दो दिन से अधिक हड़ताल पर होगी वार्ता
आदेश के अनुसार यदि सफाईकर्मियों की हड़ताल दो दिन से अधिक चलती है तो संबंधित कार्यपालक पदाधिकारी, वार्ड पार्षद और सशक्त स्थायी समिति के सदस्य हड़ताली कर्मियों से वार्ता कर हड़ताल समाप्त कराने का प्रयास करेंगे. प्रशासन ने संवाद के माध्यम से समाधान निकालने पर भी जोर दिया है.
एजेंसियों पर नोटिस और ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई
यदि किसी निजी एजेंसी के कर्मचारी हड़ताल में शामिल होते हैं तो संबंधित एजेंसी को तत्काल नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं. नोटिस के बाद भी कर्मचारी काम पर नहीं लौटते हैं तो एजेंसी पर आर्थिक दंड लगाया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर उसे काली सूची में डालने की कार्रवाई भी की जाएगी.
वैकल्पिक सफाईकर्मी लगाने का निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी नगर निकायों को निर्देश दिया है कि हड़ताल में शामिल कर्मचारियों की सूची तैयार की जाए. साथ ही संबंधित एजेंसियों को तुरंत वैकल्पिक सफाईकर्मियों की व्यवस्था करने के लिए कहा जाए. इसके अलावा हड़ताल में शामिल कर्मचारियों का नाम अटेंडेंस सॉफ्टवेयर से हटाने की प्रक्रिया भी शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं.
कानून-व्यवस्था बिगाड़ने पर होगी एफआईआर
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कचरा उठाव के दौरान कोई हड़ताली कर्मचारी या असामाजिक तत्व कचरे में आग लगाने अथवा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ संबंधित थाने में तत्काल प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी. अधिकारियों को ऐसी घटनाओं पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं.
कार्रवाई की रिपोर्ट भी मांगी गई
जिलाधिकारी ने सभी नगर निकायों को निर्देश दिया है कि जारी आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें और की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन शीघ्र जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं. प्रशासन का उद्देश्य शहर की स्वच्छता बनाए रखना और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा से बचाना है.
Also Read : सीवान में तीन निजी एजेंसियों पर लाखों का जुर्माना, सफाई व्यवस्था बिगड़ने से नगर परिषद सख्त
सीवान नगर निकायों में बढ़ी सुरक्षा, दो-दो सशस्त्र गृहरक्षक होंगे तैनात, डीएम का आदेश
