सीवान: हसनपुरा श्रावण मास की पहली सोमवारी के अवसर पर नगर पंचायत हसनपुरा सहित पूरे प्रखंड क्षेत्र के शिवालयों में सोमवार को आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा. सुबह से ही श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा.
विभिन्न गांवों के शिवालयों में हुई विशेष पूजा-अर्चना
अरंडा, सहुली, उसरी, रजनपुरा, तेलकथू, गायघाट, लहेजी, चांद परसा, फलपुरा, हरपुर कोटवा, पकड़ी, मंद्रापाली, पियाउर सहित विभिन्न गांवों के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की.
बेलपत्र, गंगाजल और दूध से किया जलाभिषेक
महिलाएं, युवतियां, बच्चे और बुजुर्ग हाथों में पूजा की थाली लेकर मंदिर पहुंचे. श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को बेलपत्र, धतूरा, आक के फूल, अक्षत, चंदन, गंगाजल और दूध अर्पित कर जलाभिषेक एवं दुग्धाभिषेक किया. भक्तों ने परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करते हुए भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया.
भक्ति के रंग में रंगा पूरा क्षेत्र
मंदिर परिसरों में पूरे दिन श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा. हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा. कई शिवालयों में शिव भजन और कीर्तन का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान शिव की आराधना की.
