Mairwa Referral Hospital : सीवान के मैरवा रेफरल अस्पताल का शुक्रवार रात सिविल सर्जन श्रीनिवास प्रसाद ने औचक निरीक्षण किया. उन्होंने इमरजेंसी कक्ष पहुंचकर ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों की उपस्थिति, मरीजों के इलाज से जुड़े अभिलेख और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की. निरीक्षण के दौरान अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं की भी समीक्षा की गई.
प्रसव रिकॉर्ड और पोर्टल अपडेट में मिली बड़ी गड़बड़ी
निरीक्षण के दौरान प्रसव कक्ष में 27, 28 और 29 जुलाई को हुए प्रसव की जानकारी का मिलान किया गया. जांच में पाया गया कि अस्पताल में प्रसव होने के बावजूद उनकी जानकारी समय पर पोर्टल पर अपडेट नहीं की गई थी. 28 जुलाई को छह प्रसव हुए, लेकिन एक भी प्रविष्टि दर्ज नहीं थी. 27 जुलाई को चार प्रसव के मुकाबले केवल एक प्रविष्टि मिली, जबकि 29 जुलाई को चार प्रसव होने के बावजूद पोर्टल पर कोई एंट्री नहीं थी.
बैंक खाते का विवरण भी नहीं मिला दर्ज
प्रसव रजिस्टर की जांच के दौरान लाभार्थियों के बैंक खाते का विवरण भी दर्ज नहीं पाया गया. इस पर सिविल सर्जन ने नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मियों को सभी अभिलेख तत्काल पूर्ण करने का निर्देश दिया. उन्होंने भविष्य में रिकॉर्ड संधारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी.
अगली जांच में लापरवाही मिली तो होगी कार्रवाई
सिविल सर्जन ने स्पष्ट कहा कि यदि अगले निरीक्षण में रिकॉर्ड संधारण और पोर्टल अपडेट में इसी तरह की अनियमितता मिली तो संबंधित कर्मियों के विरुद्ध सीधे निलंबन की कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने जुलाई में अब तक 110 और जून में 79 प्रसव होने की जानकारी भी ली.
प्रसूता वार्ड और अस्पताल परिसर में दिए जरूरी निर्देश
निरीक्षण के दौरान प्रसूता वार्ड में पांच बेड लगे होने पर उन्होंने चार बेड रखने का निर्देश दिया ताकि मरीजों को पर्याप्त स्थान मिल सके. अस्पताल की सीढ़ियों और रैंप पर प्रकाश व्यवस्था नहीं मिलने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई और तत्काल लाइट लगाने का निर्देश दिया.
वर्ष 2027 तक शुरू होगी सिजेरियन की सुविधा
अस्पताल में सिजेरियन सुविधा नहीं होने के संबंध में पूछे जाने पर सिविल सर्जन ने कहा कि अस्पतालों को मॉडल अस्पताल के रूप में विकसित किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि वर्ष 2027 तक मैरवा रेफरल अस्पताल में भी सिजेरियन की सुविधा शुरू करने का लक्ष्य है, जिससे क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें.
मरीजों को बेहतर सेवा देने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान अस्पताल के सभी चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद मिले. सिविल सर्जन ने निर्देश दिया कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर और पारदर्शी तरीके से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा किसी भी मरीज को अनावश्यक परेशानी न हो.
Also Read : सीवान में तीन पैक्सों पर डीएम सख्त, धान नहीं मिला तो होगी प्राथमिकी
