Urvarak Nigrani Samiti: दरौंदा प्रखंड क्षेत्र में उर्वरक की उपलब्धता, वितरण एवं किसानों को समय पर खाद मुहैया कराने को लेकर प्रखंड स्तरीय उर्वरक निगरानी समिति की बैठक 12 अगस्त को आयोजित की जायेगी. बैठक में जनप्रतिनिधियों के साथ संबंधित पदाधिकारियों एवं उर्वरक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी रहेगी.
प्रखंड कृषि पदाधिकारी सह सदस्य सचिव, उर्वरक निगरानी समिति दरौंदा की ओर से जारी पत्र के अनुसार, प्रखंड प्रमुख की अध्यक्षता में 12 अगस्त 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे प्रखंड कृषि कार्यालय, दरौंदा के सभागार में समिति की बैठक आयोजित की गयी है. बैठक में सभी संबंधित जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों को समय पर उपस्थित रहने का अनुरोध किया गया है.
कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी होंगे शामिल
बैठक में प्रखंड प्रमुख, उप प्रमुख, जिला पार्षद, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी, किसान सलाहकार समिति के अध्यक्ष, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रखंड अध्यक्ष, पैक्स अध्यक्ष, उर्वरक प्रतिष्ठानों के अनुज्ञप्तिधारी तथा कृषि समन्वयक सह उर्वरक निरीक्षक समेत प्रखंड स्तरीय पत्रकारों को भी आमंत्रित किया गया है.
खाद की उपलब्धता और वितरण पर हो सकती है चर्चा
खरीफ मौसम के दौरान किसानों को उर्वरक की जरूरत को देखते हुए बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. समिति की बैठक में क्षेत्र में उर्वरक की उपलब्धता, मांग के अनुरूप आपूर्ति, किसानों के बीच खाद का पारदर्शी वितरण तथा निर्धारित नियमों के पालन समेत अन्य कृषि संबंधी मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है.
प्रखंड कृषि पदाधिकारी रामवीर सिंह यादव ने पत्र के माध्यम से सभी जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों से बैठक में समय पर भाग लेने का अनुरोध किया है. बैठक को लेकर कृषि विभाग की ओर से तैयारी शुरू कर दी गयी है.
