sawan manbhavan utsav: भगवानपुर हाट प्रखंड क्षेत्र के राजकीयकृत मध्य विद्यालय ब्रह्मस्थान में गुरुवार को सावन मनभावन उत्सव का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में लोक संस्कृति, परंपरा और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला. कक्षा छह, सात और आठ की छात्राओं ने पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर सावन के रंगों को जीवंत कर दिया.
उत्सव की शुरुआत मेहंदी प्रतियोगिता से हुई. इसमें छात्राओं ने एक-दूसरे के हाथों पर आकर्षक और कलात्मक मेहंदी डिजाइन बनाये. इसके बाद कजरी गीतों की मधुर प्रस्तुति और लोक नृत्य ने विद्यालय परिसर को सावन के रंग में रंग दिया. लोकगीतों और पारंपरिक नृत्य की प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीण संस्कृति की खूबसूरती को सजीव रूप से प्रदर्शित किया गया.
भगवान शंकर और माता पार्वती के रूप में दी प्रस्तुति
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक क्षण तब आया, जब छात्राओं रिया और साक्षी ने भगवान शंकर एवं माता पार्वती का रूप धारण कर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया. उनकी प्रस्तुति को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा और तालियों से उत्साह बढ़ाया.
लोक संस्कृति से जोड़ना है उद्देश्य
विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य बच्चों को अपनी लोक संस्कृति, लोकगीतों और पारंपरिक पर्व-त्योहारों से जोड़ना है. इससे बच्चों में सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना भी विकसित होती है.
कार्यक्रम को सफल बनाने में रोशनी खातून, मनीषा कुमारी, रोशनी कुमारी, ज्योति कुमारी, गुलशन खातून, साक्षी कुमारी, रिया राज, रितिका कुमारी, करिश्मा कुमारी, संजना कुमारी, शिवानी कुमारी और आफरीन खातून ने सक्रिय योगदान दिया.
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक विनोद कुमार शुक्ला, शिक्षक श्रीकांत सिंह, राजन मणि त्रिपाठी, गणेश पांडे, इम्तियाज अहमद, तनवीरूल होदा, लालू प्रसाद तथा शिक्षिकाएं सुल्ताना अब्बासी, बबिता कुमारी, पुष्पा कुमारी, पल्लवी कुमारी और सुजाता कुमारी सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्य मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें: "हिरासत" के दावों पर मचा बवाल! जानिए पटना BPSC प्रदर्शन में छाए 6 साल के आदित्य की पूरी कहानी
