Siwan News: भगवानपुर हाट प्रखंड परिसर स्थित मनरेगा भवन के सभागार में मंगलवार को पंचायत समिति की बैठक प्रमुख हरेंद्र पासवान की अध्यक्षता में हुई. बैठक में पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की समीक्षा के बाद विभिन्न विकास योजनाओं और जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गयी.
बैठक में सदस्यों ने अंचल कार्यालय में परिमार्जन और दाखिल-खारिज के मामलों के लंबित रहने तथा अवैध राशि वसूली का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की. सदस्यों ने कहा कि जमीन से जुड़े मामलों के लंबित रहने के कारण आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
विवाह मंडप योजना के लिए जमीन उपलब्ध नहीं कराने का मामला उठा
बैठक में बिहार सरकार की विवाह मंडप योजना के लिए अंचल स्तर से भूमि उपलब्ध नहीं कराये जाने का मामला भी उठाया गया. सदस्यों ने योजना के लिए आवश्यक जमीन उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करने की मांग की.
स्वच्छता शुल्क में अधिक राशि लेने का आरोप
बीडीसी हंसराज सिंह उर्फ संतोष सिंह ने सराय परौली पंचायत में स्वच्छता शुल्क के नाम पर निर्धारित 30 रुपये की जगह 150 रुपये लिये जाने का मामला उठाया. उन्होंने इस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की.
वहीं, सराय परौली पंचायत के वार्ड संख्या छह में अगलगी के बाद से बंद नल-जल योजना और बलहा एराजी पंचायत के वार्ड संख्या 14 में नल-जल योजना ठप रहने का मामला भी सदन में उठाया गया. सदस्यों ने दोनों योजनाओं को जल्द चालू कराने की मांग की.
महिला प्रतिनिधियों की जगह पति के बैठक में आने पर चर्चा
बैठक के दौरान महिला पंचायत प्रतिनिधियों की जगह उनके पति के बैठक में शामिल होने को लेकर भी चर्चा हुई. सदस्यों ने पंचायत समिति की बैठकों में निर्वाचित प्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित कराने पर जोर दिया.
सीडीपीओ की अनुपस्थिति पर सदस्यों ने जताई नाराजगी
सीडीपीओ के बैठक में अनुपस्थित रहने पर सदस्यों ने नाराजगी जतायी. सदस्यों ने कहा कि संबंधित पदाधिकारी के मौजूद नहीं रहने से बाल विकास विभाग से जुड़ी समस्याओं और योजनाओं पर समुचित चर्चा नहीं हो सकी. सदस्यों ने सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों की बैठक में उपस्थिति सुनिश्चित कराने की मांग की.
बैठक में विधायक हेमनारायण साह, उप प्रमुख श्याम किशोर सिंह उर्फ मुन्ना सिंह, धनपति देवी, कांति देवी, उषा देवी, मुखिया राजेश्वर साह, शमीम अख्तर, सुभाष सिंह, सांसद प्रतिनिधि अवधेश कुमार पांडेय, राजेंद्र सिंह, बसंत मांझी, बीडीओ प्रियंका कुमारी, राजस्व पदाधिकारी निवेदिता त्रिपाठी, बीपीआरओ सर्वजीत कुमार, पीओ कौशल राय, जेई विद्युत नदीम हसन, बीएओ यदुनंदन वर्मा, डॉ. चंद्र मोहन सिंह, बीसीएम अनूप कुमार ठाकुर सहित अन्य उपस्थित रहे.
