सीवान में किसानों को ड्रोन से फसल छिड़काव पर मिलेगा 50% अनुदान, 24 जुलाई से आवेदन शुरू

बिहार सरकार की कृषि ड्रोन योजना के तहत फसलों पर छिड़काव के लिए 50% अनुदान मिलेगा। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया और पात्रता की पूरी जानकारी यहाँ देखें।

सीवान:आधुनिक कृषि को बढ़ावा देने और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से कृषि विभाग, बिहार सरकार ने फसलों पर कृषि ड्रोन के माध्यम से कीटनाशी एवं तरल उर्वरक के छिड़काव की नई योजना शुरू की है. योजना के तहत किसानों को ड्रोन से छिड़काव की सुविधा अनुदानित दर पर उपलब्ध करायी जाएगी. इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 24 जुलाई 2026 से शुरू हो चुकी है.

तीनों मौसम में 15 एकड़ तक मिलेगा लाभ

योजना के तहत प्रत्येक किसान को खरीफ, रबी और गरमा मौसम में अलग-अलग अधिकतम 15 एकड़ तक फसल में ड्रोन से छिड़काव की सुविधा दी जाएगी. किसानों को इस सुविधा पर 50 प्रतिशत अनुदान मिलेगा. इससे कम समय में बड़े क्षेत्र में फसलों पर कीटनाशी और तरल उर्वरक का समान रूप से छिड़काव किया जा सकेगा.

कीटनाशी और तरल उर्वरक पर भी अनुदान

कृषि विभाग के अनुसार कीटनाशी रसायन एवं तरल उर्वरक की खरीद पर भी किसानों को 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम 200 रुपये प्रति एकड़, जो भी कम हो, का अनुदान दिया जाएगा. योजना का उद्देश्य किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के साथ खेती की लागत कम करना और फसल प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाना है.

ऑनलाइन आवेदन के लिए ये दस्तावेज जरूरी

ड्रोन छिड़काव का लाभ लेने के इच्छुक किसानों को विभागीय पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा. आवेदन के लिए डीबीटी पोर्टल से प्राप्त रजिस्ट्रेशन आईडी, आधार कार्ड तथा रैयत या गैर-रैयत का स्वघोषणा पत्र आवश्यक होगा.

कहां से मिलेगी योजना की जानकारी

कृषि विभाग ने किसानों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है. आवेदन या योजना से जुड़ी जानकारी के लिए किसान अपने नजदीकी पंचायत कृषि कार्यालय, प्रखंड कृषि कार्यालय, पौधा संरक्षण केंद्र अथवा सहायक निदेशक, पौधा संरक्षण कार्यालय, सीवान से संपर्क कर सकते हैं.

Also Read: पीके के सामने थाने में क्यों भिड़ गए जन सुराज के दो सीनियर नेता? पूर्व डीजी आरके मिश्रा ने किशोर मुन्ना को लगाई फटकार, VIDEO वायरल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष गिरि

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >