BPSC 72वीं प्रारंभिक परीक्षा स्थगित, सीवान के 23 परीक्षा केंद्रों पर तैयारियां फिलहाल रुकीं

BPSC 72nd Prelims Postponed: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 72वीं संयुक्त (प्रारंभिक) प्रतियोगिता परीक्षा स्थगित कर दी है. अपरिहार्य कारणों से रोकी गई परीक्षा की नई तिथि जल्द घोषित की जाएगी. इस फैसले से अभ्यर्थियों में निराशा है.

BPSC 72nd Prelims Postponed: बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) ने 26 जुलाई को प्रस्तावित 72वीं संयुक्त (प्रारंभिक) प्रतियोगिता परीक्षा अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दी है. आयोग के परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि परीक्षा की नई तिथि बाद में घोषित की जाएगी. इस फैसले के बाद सीवान जिले में परीक्षा को लेकर चल रही प्रशासनिक तैयारियां फिलहाल रोक दी गई हैं.

सीवान में बनाए गए थे 23 परीक्षा केंद्र

जिले में परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संचालन के लिए 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे. जिला प्रशासन ने सभी केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की विस्तृत योजना तैयार कर ली थी.

इसके अलावा केंद्राधीक्षकों को परीक्षा संचालन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए जा चुके थे. परीक्षा को लेकर अधिकांश प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी थीं.

परीक्षा स्थगित होने से अभ्यर्थियों में मायूसी

परीक्षा स्थगित होने की सूचना मिलते ही अभ्यर्थियों में निराशा देखने को मिली. कई उम्मीदवार परीक्षा में शामिल होने के लिए पहले ही यात्रा और ठहरने की व्यवस्था कर चुके थे.

दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले अभ्यर्थियों को विशेष रूप से असुविधा का सामना करना पड़ा. अभ्यर्थियों ने आयोग से जल्द नई परीक्षा तिथि घोषित करने की मांग की है, ताकि वे उसी के अनुरूप अपनी तैयारी जारी रख सकें.

नई तिथि मिलते ही फिर शुरू होंगी तैयारियां

जिला प्रशासन ने कहा है कि बिहार लोक सेवा आयोग से नई परीक्षा तिथि प्राप्त होते ही परीक्षा से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां दोबारा पूरी कर ली जाएंगी.

प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा की नई तिथि और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं के लिए केवल बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें.

अब अभ्यर्थियों की निगाहें आयोग द्वारा जल्द जारी किए जाने वाले नए परीक्षा कार्यक्रम पर टिकी हैं.

Also Read: बिहार विधानसभा में आज पेश होंगे 7 विधेयक, दाखिल-खारिज, सेवा कर समेत ये हैं शामिल


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Manish giri

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >