सुरसंड में पेयजल संकट पर वार्ड पार्षद प्रतिनिधि का सत्याग्रह, नगर पंचायत से पांच मांगें पूरी करने की अपील

सुरसंड नगर पंचायत में गहराते पेयजल संकट और नल-जल योजना की समस्याओं पर वार्डवासियों ने वार्ड पार्षद प्रतिनिधि संतोष कुमार शोले के नेतृत्व में नगर पंचायत कार्यालय पर सत्याग्रह किया. खाली घड़ा लेकर विरोध प्रदर्शन करते हुए, उन्होंने जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार की मांग की.

Sitamarhi News: सुरसंड नगर पंचायत के वार्ड संख्या-1 में पेयजल संकट और नल-जल योजना की समस्याओं को लेकर सोमवार को वार्ड पार्षद प्रतिनिधि संतोष कुमार शोले ने वार्डवासियों के साथ नगर पंचायत कार्यालय के मुख्य द्वार पर दो घंटे का सत्याग्रह किया. इस दौरान उन्होंने हाथ में मिट्टी का खाली घड़ा लेकर जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई और नगर प्रशासन को पांच सूत्री मांग पत्र सौंपा.

Sursand News: पांच सूत्री मांगों को लेकर किया सत्याग्रह

संतोष कुमार शोले ने बताया कि सत्याग्रह का उद्देश्य वार्डवासियों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराना है. उन्होंने खराब सबमर्सिबल और टूटी पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत, प्रत्येक घर तक पाइपलाइन से जलापूर्ति, हर घर नल-जल योजना का समयबद्ध क्रियान्वयन, दो सार्वजनिक स्थानों पर एक सप्ताह के भीतर प्याऊ लगाने तथा वर्ष 2025 के जल संकट के दौरान खरीदी गई सामग्री और मजदूरों के बकाया भुगतान की मांग की.

स्थायी कार्यपालक पदाधिकारी नहीं होने का लगाया आरोप

संतोष शोले ने कहा कि सुरसंड नगर पंचायत में स्थायी कार्यपालक पदाधिकारी नहीं हैं. फिलहाल सीतामढ़ी के उपायुक्त कुलदीप सिन्हा प्रभार में हैं, लेकिन उनके नियमित रूप से कार्यालय नहीं आने के कारण कई विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं. उनका आरोप है कि अधिकांश योजनाओं का संचालन सीतामढ़ी से ही किया जा रहा है.

नल-जल मरम्मत में देरी पर उठाए सवाल

उन्होंने आरोप लगाया कि बोर्ड की स्वीकृति के बिना ही सीतामढ़ी के एक संवेदक को नल-जल योजना की मरम्मत का जिम्मा दे दिया गया है. संवेदक के पास पर्याप्त कर्मियों की कमी होने के कारण मरम्मत कार्य समय पर नहीं हो पा रहा है, जिससे वार्डवासियों को लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है.

अध्यक्ष और कार्यालय प्रधान को भी सौंपी मांग पत्र की प्रति

सत्याग्रह के दौरान पांच सूत्री मांगों की प्रतिलिपि नगर पंचायत अध्यक्ष पप्पू कुमार चौधरी एवं कार्यालय प्रधान सागर कुमार को भी सौंपी गई. वार्डवासियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा.

यह भी पढ़ें: दो दिन की बारिश में डूबा सीतामढ़ी शहर, जल निकासी व्यवस्था हुई बेअसर


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विजय नारायण मिश्र

विजय वर्ष 1990 से यानी पिछले साढ़े तीन दशकों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उनके पास प्रिंट पत्रकारिता का एक लंबा और समृद्ध अनुभव है. वे प्रशासनिक व क्षेत्रीय मुद्दों के साथ-साथ ब्यूरो स्तर की खबरों के प्रबंधन और गहन रिपोर्टिंग में विशेष महारत रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >