Sitamarhi Development News: सीतामढ़ी शहर वासियों के लिए वर्षों से प्रतीक्षित जलापूर्ति परियोजना को आखिरकार प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है. बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग ने केंद्र प्रायोजित अटल नवीकरण एवं शहरी परिवर्तन मिशन (अमृत-2.0) के तहत 197.12 करोड़ रुपये की लागत वाली योजना को हरी झंडी दे दी है. इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूरा होने के बाद नगर निगम क्षेत्र के 18,599 घरों में पाइपलाइन के जरिए शुद्ध और स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति होगी.
यह भी पढ़ें... कोचिंग के बहाने होटल पहुंंची छात्रा, पीछे से पहुंच गये परिजन
34 आयरन रिमूवल प्लांट से मिलेगा स्वच्छ और आयरनमुक्त पानी
सीतामढ़ी के कई इलाकों में भूजल में अत्यधिक आयरन की समस्या वर्षों से जनस्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय रही है. इस योजना के तहत 33 नए ट्यूबवेल, 17 पंप हाउस, 34 आयरन रिमूवल प्लांट, 12 जलमीनार और करीब 502.45 किमी लंबा जल वितरण नेटवर्क बिछाया जाएगा. आयरन रिमूवल प्लांट लगने से लोगों को सीधे नल से स्वच्छ पानी मिलेगा, जिससे जल जनित बीमारियों से भी राहत मिलेगी.
बुडको को मिला जिम्मा, वित्तीय वर्ष 2026-27 तक पूरा करने का लक्ष्य
इस पूरी परियोजना का कार्यान्वयन बुडको के माध्यम से कराया जाएगा. राज्य मंत्रिपरिषद से मंजूरी के बाद विभाग ने इसे वित्तीय वर्ष 2026-27 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया है. नगर आयुक्त डॉ. गजेंद्र प्रसाद सिंह ने इसे सीतामढ़ी के बुनियादी ढांचे और शहरी विकास के लिए ऐतिहासिक कदम बताया है, जिससे पूरे शहर की जलापूर्ति प्रणाली आधुनिक हो जाएगी.
