नगर थाना क्षेत्र के पचना गांव में मंगलवार की सुबह कोचिंग पढ़ने जा रहे चार छात्रों को रास्ते में घेरकर 10 युवकों ने बेरहमी से मारपीट की. बदमाशों ने लोहे के पंजे से छात्रों पर हमला किया. घटना में एक छात्र की नाक की हड्डी टूट गयी, जबकि दूसरे का सिर फट गया. साथ ही दो अन्य छात्र भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं.
किसी की नाक टूटी, तो किसी का सिर फटा
घायलों की पहचान पचना गांव निवासी दिलीप रविदास के पुत्र रवि कुमार, नागेश्वर रविदास के पुत्र ऋतिक कुमार, मोहन रविदास के पुत्र विकास कुमार और बृजू रविदास के पुत्र उदय कुमार के रूप में हुई है. घायल रवि ने बताया कि वह दोस्तों के साथ कोचिंग जा रहा था, तभी रास्ते में मनीष कुमार, निशांत कुमार, रौशन, मौषम कुमार, मनखुश कुमार, प्रिंस कुमार, शिवम कुमार, रजनीश कुमार सहित अन्य युवकों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी.
पुलिस ने एक युवक को लिया हिरासत में
रवि ने बताया कि 15 अगस्त को गांव में कुछ विवाद हुआ था. उस दौरान एक युवक के साथ मारपीट हो रही थी, जिसे उसने छुड़ाने का प्रयास किया था. इसी बात से नाराज युवकों ने मंगलवार को हमला किया. घटना के बाद घायलों का इलाज कराया गया. पीड़ित ने नगर थाने में आवेदन दिया है. पुलिस ने दिलखुश कुमार को हिरासत में लिया है.
