MDH franchise scam: हरियाणा के यमुनानगर जिले की पुलिस और स्थानीय मटोखर टीओपी पुलिस ने संयुक्त छापामारी कर सदर प्रखंड के पैन गांव से अंतरराज्यीय साइबर फ्रॉड गिरोह के एक आरोपित को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपित की पहचान पैन गांव निवासी मन्नू शेखर सिंह के पुत्र अभिजीत कुमार के रूप में की गयी है. छापामारी का नेतृत्व हरियाणा के यमुनानगर साइबर थाना में पदस्थापित पुलिस सब इंस्पेक्टर विशाल कुमार और मटोखर टीओपी प्रभारी अमित कुमार ने संयुक्त रूप से किया.
एमडीएच मसाले की फ्रेंचाइजी के नाम पर हुई थी ठगी
हरियाणा से पहुंची पुलिस अधिकारी विशाल कुमार ने बताया कि यमुनानगर थाना क्षेत्र के एक व्यवसायी से एमडीएच मसाले की फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर 5 लाख 14 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी की गयी थी. इस संबंध में पीड़ित ने साइबर थाना यमुनानगर में प्राथमिकी दर्ज करायी थी.
गिरोह के दो आरोपित पहले हो चुके हैं गिरफ्तार
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मामले के दो आरोपितों में मुख्य आरोपित कुंदन कुमार समेत दो लोगों को बीते अप्रैल माह में ही नालंदा जिले के सरमेरा थाना क्षेत्र के हुसैना गांव से गिरफ्तार किया जा चुका है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभिजीत कुमार भी उक्त गिरोह में शामिल था.
फर्जी हेल्पलाइन चलाकर उपभोक्ताओं को फंसाने का आरोप
पुलिस के अनुसार अभिजीत कुमार फर्जी हेल्पलाइन चलाता था और इसके जरिये उपभोक्ताओं को जाल में फंसाने का काम करता था. उसकी गिरफ्तारी के बाद हरियाणा पुलिस उसे पुलिस निगरानी में अपने साथ यमुनानगर ले गयी.
