E-rickshaw overturned: स्थानीय नगर परिषद के कमासी गांव के समीप श्रद्धालुओं से भरा एक ई-रिक्शा सड़क किनारे पलट गया. हादसे में ई-रिक्शा चालक सहित पांच लोग बुरी तरह घायल हो गये. ग्रामीणों की सहायता से आनन-फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया.
घायलों में चार श्रद्धालु और चालक शामिल
घायलों की पहचान कमासी गांव निवासी नीतू देव, संजीव कुमार, राजीव कुमार, चंद्र राम तथा ई-रिक्शा चालक ललन पासवान के रूप में की गयी है. घायलों में कमासी गांव निवासी दुखी राम के 60 वर्षीय पुत्र चंद्र राम की हालत गंभीर रहने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर पावापुरी रेफर कर दिया.
बालक को बचाने के क्रम में हुआ हादसा
सूत्रों ने बताया कि सभी घायल गांव के ही ललन पासवान के ई-रिक्शा पर सवार होकर गंगा स्नान करने के लिए निकटवर्ती लखीसराय जिले के बड़हिया जा रहे थे. गांव से वाहन अभी बाहर निकल ही रहा था कि एक बालक को बचाने के क्रम में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया. इसके बाद ई-रिक्शा सड़क किनारे पलट गया, जिसमें सभी लोग घायल हो गये.
