Sheikhpura Red Run 2026 : शेखपुरा में बिहार स्टेट एड्स कंट्रोल सोसायटी के तत्वावधान में जिला स्तरीय रेड रन 2026 प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में एचआईवी-एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना रहा.
रामाधीन कॉलेज में हुआ रेड रन 2026 का आयोजन
रामाधीन कॉलेज में आयोजित जिला स्तरीय रेड रन 2026 प्रतियोगिता का संचालन रेड रिबन क्लब की जिला नोडल पदाधिकारी डॉ. नवलता के निर्देशन में किया गया. कार्यक्रम में बिहार स्टेट एड्स कंट्रोल सोसायटी की ओर से रिसोर्स पर्सन असीम झा एवं राकेश कुमार उपस्थित रहे.
युवाओं को एचआईवी-एड्स के प्रति किया गया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को एचआईवी-एड्स से बचाव, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज के प्रति युवाओं की जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी. साथ ही जागरूकता के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा का संदेश भी दिया गया.
पांच कॉलेजों के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
प्रतियोगिता में शेखपुरा जिले के पांच कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच छात्र और पांच छात्राओं को सम्मानित किया गया.
छात्र वर्ग में इन प्रतिभागियों ने मारी बाजी
छात्र वर्ग में एस.एस. कॉलेज, मेंहुस के निलेश कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. आर.डी. कॉलेज, शेखपुरा के पिंटू कुमार दूसरे और चंदन कुमार तीसरे स्थान पर रहे.
छात्रा वर्ग में आर.डी. कॉलेज का रहा दबदबा
छात्रा वर्ग में आर.डी. कॉलेज, शेखपुरा की निशा कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया. नेहा कुमारी दूसरे और निशा कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं.
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व
प्रतियोगिता में शीर्ष तीन स्थान प्राप्त करने वाले छात्र और छात्राएं अब राज्य स्तरीय रेड रन 2026 प्रतियोगिता में शेखपुरा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे. आयोजन का उद्देश्य खेल गतिविधियों के माध्यम से युवाओं में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना और समाज में सकारात्मक संदेश का प्रसार करना था.
Also Read : शेखपुरा में जनसंख्या जागरूकता साइकिल रैली, डीएम ने खुद संभाली साइकिल की कमान
