Sasaram News : करगहर-सासाराम चौसा पथ पर सहुआड़ गांव के समीप स्थित नंदनी मैरेज हॉल के पास दो बाइकों के बीच आमने-सामने की भिड़ंत हो गयी. हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों की पहचान करगहर थाना क्षेत्र के तिलकापुर गांव निवासी रामस्वरूप सिंह के 36 वर्षीय पुत्र मनोज सिंह, अमवलिया गांव निवासी सुमन कुमार गुप्ता के 18 वर्षीय पुत्र अनुराग प्रियदर्शी और रामजी पांडेय के 21 वर्षीय पुत्र मोहन पांडेय के रूप में हुई है.
112 नंबर की गाड़ी से घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस के 112 नंबर पर दी. सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची 112 नंबर की गाड़ी में तैनात पुलिसकर्मियों ने तीनों घायलों को इलाज के लिए करगहर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया. यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए सासाराम सदर अस्पताल रेफर कर दिया.
Also Read : शहर के लॉज और होटलों में पुलिस-प्रशासन की छापेमारी, ठहरने वाले लोगों के दस्तावेजों की हुई जांच
ऑटो को ओवरटेक करने के दौरान हुआ हादसा
घटना के संबंध में सीएचसी में मौजूद करगहर थाने में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर बलिराम यादव ने बताया कि सासाराम-चौसा पथ पर सहुआड़ गांव के समीप नंदनी मैरेज हॉल के पास ऑटो को ओवरटेक करने के दौरान दो बाइकों के बीच आमने-सामने की भिड़ंत हुई. हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए तीनों को सासाराम सदर अस्पताल रेफर कर दिया है.
Also Read : बिहार माध्यमिक स्कूल अध्यापक संघ का गठन, रोहतास के सत्यनारायण सिंह बने प्रदेश अध्यक्ष
