तिलौथू. थाना क्षेत्र के मीरासराय गांव के समीप एनएच-टूसी पथ डेहरी-तिलौथू मार्ग पर अहले सुबह ट्रक व ट्रॉली में भीषण टक्कर हो गयी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इसकी आवाज सुनकर पड़ोस के दो गांवों के लोगों की नींद टूट गयी. लोग दौड़ कर रोड पर आ गये. इतना ही नहीं इस ट्राली और ट्रक की भीषण टक्कर में ट्रक ड्राइवर ट्रक में साढ़े तीन घंटे तक फंसा रहा. चालक जिंदगी और मौत से लड़ते रहा. घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस व फायर ब्रिगेड को बुलाया. स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर गैस कटर मशीन, सिलिंडर इत्यादि की व्यवस्था कर ट्रक में फंसे हुए ड्राइवर की जान बचाने की जद्दोजेहद में जुट गये. ट्रक इतना क्षतिग्रस्त हो गया था कि ट्रक में फंसे ड्राइवर को निकालने में साढ़े तीन घंटे का समय लग गया. जबकि, थाना अध्यक्ष विद्याभूषण के नेतृत्व में पुलिस टीम व मीरासराय गांव के ग्रामीणों भी ड्राइवर के रेस्क्यू में लग गये. ट्रक ड्राइवर का पैर फंसा हुआ था और वह लोगों से गर्म पानी व चाय मांगते रहा. वहीं, स्थानीय लोग ड्राइवर को चाय और पानी की लगातार व्यवस्था करते रहे. साढ़े तीन घंटे के बाद स्थानीय युवाओं और पुलिस की कड़ी मेहनत काम आयी फिर गैस कटर मशीन से ट्रक का पार्ट्स काटकर ट्रक में फंसे हुए ड्राइवर को निकाल लिया गया. इसके दोनों पैर का अंगूठा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है. उसे स्थानीय पीएचसी में भर्ती कराया गया. इसके बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए सासाराम रेफर कर दिया. इंद्रपुरी पंचायत के मुखिया उमेश यादव ने दिलेरी दिखाते हुए मौके पर जेसीबी मशीन, गैस कटर व जेनरेटर इत्यादि की व्यवस्था करवायी. इस संबंध में थाना अध्यक्ष विद्या भूषण ने बताया कि ट्रक और ट्राली की टक्कर मीरासराय गांव के समीप डेहरी-तिलौथू पथ पर हुई है. इसमें ट्रक का ड्राइवर स्टेरिंग में फंस गया था. जिसे सुरक्षित निकाला गया है. ट्रक ड्राइवर बंजारी का 50 वर्षीय राकेश चेरो बताया जा रहा है जबकि, ट्राली का ड्राइवर 20 वर्षीय सद्दाम अंसारी भटवाड़ीह चकट गांव का बताया जा रहा है. फिलहाल दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है. वहीं, पुलिस इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई करेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
