इंटर की आज से और मैट्रिक की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन एक मार्च से होगा

बिहार बोर्ड : मैट्रिक व इंटर की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए जिले में बनाये गये छह-छह केंद्र

डीएम ने दिये कई दिशा-निर्देश

फोटो-12- श्री शंकर उच्च माध्यमिक प्लस टू विद्यालय, तकिया मूल्यांकन केंद्र.

प्रतिनिधि, सासाराम ऑफिस

बिहार बोर्ड मैट्रिक व इंटर की परीक्षा संपन्न हो चुकी है. अब इनके उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य शुरू होगा. गुरुवार से छह केंद्र श्री शंकर सीनियर सेकेंडरी स्कूल तकिया सासाराम पार्ट वन व टू, श्री दुर्गा सीनियर सेकेंडरी स्कूल शिवसागर पार्ट टू, रमा जैन बालिका सीनियर सेकेंडरी स्कूल धर्मशाला रोड सासाराम पार्ट वन, शेरशाह सूरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल सासाराम पार्ट टू, रामा रानी जैन बालिका प्लस टू हाइ स्कूल डेहरी ओन सोन पार्ट वन पर इंटर की उत्तरपुस्तिकाओं की मूल्यांकन का कार्य होगा. यह आठ मार्च तक चलेगा.

वहीं, मैट्रिक की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शेरशाह सूरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल सासाराम पार्ट वन, रमा जैन बालिका सीनियर सेकेंडरी स्कूल धर्मशाला रोड सासाराम पार्ट वन, सीनियर सेकेंडरी स्कूल रामेश्वरगंज सासाराम वन व टू, हाइस्कूल चौखंडी पथ सासाराम, संत शिवानंद अकादमी प्लस टू विद्यालय सासाराम मूल्यांकन केंद्र पर मूल्यांकन कार्य एक मार्च से शुरू होगा, जो आगामी 10 मार्च तक चलेगा.

एक पाली में होगा उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य:

डीएम की ओर से जारी निर्देश के अनुसार उक्त दोनों परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य एक ही पाली में होगा, जो सुबह बजे से शाम पांच बजे तक चलेगा. मूल्यांकन कार्य करने वाले सह परीक्षकों, प्रधान परीक्षकों को निर्देश देते हुए कहा गया है कि जो परीक्षक आवंटित उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन निर्धारित समयावधि सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक पूर्ण नहीं करते हैं, तो उन्हें उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन शाम छह बजे तक पूर्ण कर लेना आवश्यक होगा. साथ ही परीक्षकों, एमपीवी, कंप्यूटर के जानकार शिक्षक, कर्मी, सुपरवाइजर व अन्य कर्मियों को निर्देश दिया गया है कि वह मूल्यांकन केंद्र में सुबह आठ बजे तक निर्धारित मूल्यांकन केंद्र में प्रवेश करना अनिवार्य होगा.

200 गज की परिधि में लगा रहेगा निषेधाज्ञा:

मूल्यांकन केंद्र के 200 गज की परिधि में निषेधाज्ञा लागू रहेगा. मूल्यांकन कार्य में संलग्न कर्मियों को छोड़कर शेष व्यक्तियों का प्रवेश वर्जित रहेगा. यहां दंडाधिकारी के साथ पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति होगी, ताकि किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश मूल्यांकन केंद्र व उसके परिसर में नहीं हो सके. मूल्यांकन केंद्र पर मूल्यांकन अवधि के दौरान किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश दंडनीय होगा.

सीसीटीवी से होगी निगरानी

इन मूल्यांकन केंद्रों पर तीसरी नजर के रूप में सीसीटीवी लगाये गये हैं. मूल्यांकन केंद्र पर लगे कैमरों का प्रसारण नगर निगम सासाराम कार्यालय में स्थित सीसीटीवी कंट्रोल रूप में किया जायेगा. इसकी निगरानी उप नगर आयुक्त सासाराम मैमून निशा व इनके सहयोगी नगर प्रबंधक नगर निगम सासाराम अजहर हुसैन करेंगे. इस संबंध जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय ने बताया कि मूल्यांकन को लेकर सभी तैयारी कर ली गयी हैं. जिलाधिकारी के निर्देश के आलोक में दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >