शिवसागर. प्रखंड क्षेत्र के शाक्यमुनि बुद्ध विहार सोनहर के परिसर में रविवार को बौद्ध महोत्सव का आयोजन किया गया. इसकी अध्यक्षता ज्ञानचंद सिंह व संचालन मनोज कुशवाहा ने किया. कार्यक्रम का उद्घाटन निशीकांत सिन्हा, परमार्थ बीएड कॉलेज के निदेशक सुनील सिंह, पैक्स अध्यक्ष रामप्रवेश कुशवाहा, मुखिया प्रतिनिधि अमरेंद्र कुशवाहा, भीम आर्मी जिलाध्यक्ष अमित पासवान ने किया. कार्यक्रम का शुभारंभ गांव की छात्राओं के स्वागत नृत्य के साथ किया गया. इसके बाद कई जगहों से आये बौद्ध भिक्षुओं ने बुद्ध की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए उनके बताये गये रास्ते पर चलने की अपील की. आरपी मौर्य ने कहा कि आज भी लोग हिंदूवादी विचारधारा पर चल रहे हैं. लेकिन, सभी को अपने मूल अधिकारों को जानना होगा. हर तरह के लोगों को बुद्ध के विचारों से जुड़ना होगा. हम बहुसंख्यक जरुर है, लेकिन अपने अधिकार से वंचित है. आज भी तरह-तरह के देवी-देवताओं की ओर लोग आकर्षित हैं. अब समय है खुद को बदलने की. सभी को एकजुट होकर बुद्ध के विचारों को मानना होगा. इस धर्म का गांव स्तर तक प्रचार कर लोगों को जोड़ना होगा. जब लोग जागरूक होंगे, तभी अपने सभी रास्ते को जानने व खुद का विकास करने में सक्षम हो पायेंगे. कार्यक्रम के बीच-बीच में ग्रामीण बच्चा-बच्चियों के द्वारा बुद्ध के विचारों पर आधारित गीत व नृत्य प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया गया. कार्यक्रम को सत्यनारायण स्वामी, पूर्व चेयरमैन सासाराम चंद्रशेखर सिंह, बसावन सिंह, संजय संग्रामी, डॉ महेन्द्र मानव, ज्योति प्रकाश मौर्य आदि ने भी संबोधित किया. मौके पर चंद्रशेखर महतो, मनीष कुशवाहा, निर्मल कुशवाहा, मनोज कुशवाहा समेत हजारों की संख्या में पुरुष महिला व बौद्ध भीक्षु मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
