Rohtas News : जिले के कॉलेजों में आयोजित किये जा रहे विद्यार्थी सहयोग शिविर की कड़ी में मंगलवार को राजकीय डिग्री महाविद्यालय सूर्यपुरा में भी शिविर का आयोजन किया गया. प्रभारी प्राचार्य प्रो. डॉ. अलाउद्दीन अजीजी की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी शैक्षणिक आवश्यकताओं, समस्याओं एवं जिज्ञासाओं को शिक्षकों के समक्ष रखा.
छात्रों को मिली सहायता सुविधाओं की जानकारी
शिविर में छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों के साथ उपलब्ध छात्र-सहायता सुविधाओं की जानकारी दी गयी. शिक्षकों ने विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया.
ऑनलाइन शिकायत की व्यवस्था से जल्द समाधान की उम्मीद
कार्यक्रम में प्रो. प्रभाकर ने विद्यार्थी सहयोग शिविर की पहल को छात्रों के लिए उपयोगी बताया. उन्होंने कहा कि छात्रों की शिकायतों को ऑनलाइन दर्ज करने की व्यवस्था स्वागतयोग्य है. इससे शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया व्यवस्थित होगी और निर्धारित समय-सीमा में समस्याओं के समाधान की उम्मीद की जा सकती है.
शिक्षा का उद्देश्य जिम्मेदार नागरिक बनाना : वैद्यनाथ
वक्ता वैद्यनाथ पासवान ने शिक्षा के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य छात्रों को सजग और जिम्मेदार नागरिक बनाना है. उन्होंने छात्र-छात्राओं को विद्यार्थी सहयोग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने की पूरी प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी.
सर्वांगीण विकास के लिए कॉलेज प्रतिबद्ध : प्राचार्य
प्रभारी प्राचार्य प्रो. अलाउद्दीन अजीजी ने कहा कि कॉलेज छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास और उनकी शैक्षणिक आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने विद्यार्थियों से कॉलेज की ओर से उपलब्ध सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने और शैक्षणिक गतिविधियों में नियमित रूप से भाग लेने का आह्वान किया.
मौके पर सहायक प्राध्यापक डॉ. राहुल कुमार (राजनीति विज्ञान), प्रो. मेघा (अर्थशास्त्र), दीपक कुमार (इतिहास) सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे. शिविर में बादल, काजल, गायत्री, अंशु, मनसा, अमन, लव-कुश सहित कई विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की. अंत में कॉलेज प्रशासन ने छात्रों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.
