Sasaram News : सोन नदी के बढ़े जलस्तर और तेज जलप्रवाह के बीच गुरुवार देर रात रोहतास के जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने डेहरी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया. अचानक बढ़े जलप्रवाह को देखते हुए प्रशासन की सक्रियता बढ़ गयी है. डीएम ने सोन नदी के साथ-साथ डेहरी कैनाल का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों से जलस्तर एवं जलप्रवाह में हो रहे बदलाव की जानकारी ली.
सोन नदी के जलस्तर और जलप्रवाह की ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान डीएम ने सिंचाई विभाग के अभियंताओं से सोन नदी में वर्तमान जलप्रवाह, जलस्तर और इंद्रपुरी बराज से छोड़े जा रहे पानी की स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी ली. अभियंताओं ने बताया कि फिलहाल सोन नदी का जलस्तर घट रहा है. हालांकि, नदी में पानी का प्रवाह अभी भी काफी अधिक है. वर्तमान में इंद्रपुरी बराज के 69 गेट खुले हैं और बराज से 3,90,232 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है.
जलस्तर में बदलाव पर लगातार नजर रखने का निर्देश
डीएम ने अधिकारियों को सोन नदी और नहर के जलस्तर में होने वाले किसी भी बदलाव पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जलस्तर में अचानक वृद्धि या किसी अन्य आपात स्थिति की आशंका होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. संवेदनशील क्षेत्रों में प्रशासनिक मशीनरी को पूरी तरह सतर्क रहने का भी निर्देश दिया गया.
निचले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा
डेहरी कैनाल का निरीक्षण करते हुए डीएम ने नहर की स्थिति की भी जानकारी ली. उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को जल निकासी की स्थिति की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया. साथ ही निचले इलाकों और नदी के आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा.
Also Read : कैमूर: भगवानपुर में राहगीर से रुपये मांगने और बाइक ले जाने का प्रयास, तीन गिरफ्तार
अधिकारियों को तत्काल सूचना देने की हिदायत
प्रशासन की ओर से सोन नदी के जलस्तर और इंद्रपुरी बराज से पानी छोड़े जाने की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि जलस्तर या जलप्रवाह में किसी भी तरह के बदलाव की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों तक पहुंचायी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाये जा सकें.
जलस्तर घटने से राहत, लेकिन निगरानी जारी
निरीक्षण के दौरान डेहरी के अनुमंडल पदाधिकारी, सिंचाई विभाग के अभियंता सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने डीएम को मौजूदा स्थिति से अवगत कराया. फिलहाल सोन नदी का जलस्तर घटने की जानकारी से राहत मिली है, लेकिन भारी जलप्रवाह को देखते हुए प्रशासन ने निगरानी और सतर्कता में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरतने का निर्देश दिया है.
Also Read : कैमूर में स्वतंत्रता सेनानी रामनाथ रस्तोगी व्याकुल की प्रतिमा का अनावरण
